अगर लिवर हो रहा है कमजोर, तो शरीर पहले ही देने लगता है ये 5 चेतावनी संकेत
लिवर को शरीर का डॉक्टर कहा जाता है क्योंकि यह पूरे शरीर को स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह न केवल पाचन और मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाता है, बल्कि शरीर से हानिकारक टॉक्सिन्स को भी बाहर निकालता है। खास बात यह है कि लिवर खुद को रिपेयर करने की क्षमता रखता है, लेकिन आजकल के गलत खानपान और अनहेल्दी लाइफस्टाइल के कारण लिवर से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। फैटी लिवर से लेकर लिवर डैमेज तक के मामलों में वृद्धि हो रही है। इसलिए, लिवर की किसी भी बीमारी को गंभीर रूप से लेने की जरूरत है और समय रहते इसके लक्षणों की पहचान करना बेहद जरूरी है।
लिवर खराब होने के लक्षण
1. जी मिचलाना और उल्टी आना
अगर लिवर सही से काम नहीं कर रहा है, तो जी मिचलाने या बार-बार उल्टी आने की समस्या हो सकती है। यह लिवर खराब होने का पहला संकेत हो सकता है। यदि किसी को खून की उल्टी या मल में खून आने जैसी समस्या हो, तो इसे बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें, क्योंकि यह गंभीर लिवर डैमेज का संकेत हो सकता है।
2. पेट में सूजन आना
क्रोनिक लिवर डिजीज होने पर पेट में तरल पदार्थ जमा हो सकता है, जिससे पेट फूला हुआ लगने लगता है। यह लिवर डैमेज का एक महत्वपूर्ण लक्षण है। अगर बिना किसी स्पष्ट कारण के पेट में सूजन हो रही है, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
3. त्वचा में खुजली
अगर आपकी त्वचा में लगातार खुजली हो रही है, तो इसे हल्के में न लें। लिवर से जुड़ी समस्याओं के कारण शरीर में बाइल जूस का सही तरह से प्रवाह नहीं हो पाता, जिससे त्वचा में खुजली हो सकती है। यह ऑब्सट्रक्टिव पीलिया (रुकावट वाला पीलिया) या बाइल डक्ट में पथरी होने का संकेत हो सकता है।
4. पैरों और टखनों में सूजन
अगर बिना किसी ठोस कारण के पैरों और टखनों में सूजन आ रही है, तो यह लिवर खराब होने की ओर इशारा कर सकता है। लिवर की बीमारियों के कारण शरीर में तरल पदार्थ जमा होने लगता है, जिससे पैरों में सूजन दिखाई देने लगती है। यह क्रोनिक लिवर डिजीज का संकेत हो सकता है।
5. नींद की समस्या
लिवर खराब होने पर शरीर में विषैले तत्व (टॉक्सिन्स) सही से बाहर नहीं निकल पाते, जिससे नींद से जुड़ी समस्याएं होने लगती हैं। लिवर सिरोसिस की स्थिति में रात की नींद प्रभावित हो सकती है और दिनभर थकान व नींद महसूस हो सकती है।
समय रहते सतर्क रहें
अगर आप इनमें से कोई भी लक्षण महसूस करते हैं, तो इसे अनदेखा न करें। सही समय पर डॉक्टर से सलाह लें और अपनी जीवनशैली में सुधार करें। लिवर को स्वस्थ रखने के लिए हेल्दी डाइट अपनाएं, शराब और जंक फूड से दूरी बनाएं और नियमित रूप से एक्सरसाइज करें।