गर्मी के दौरान होने वाली बीमारियों से बचने के उपाय, जानिए
गर्मी का मौसम न केवल छुट्टियाँ और मौज-मस्ती लाता है, बल्कि स्वास्थ्य से जुड़ी कई समस्याओं का कारण भी बन सकता है। गर्मी की अधिकता से शरीर में कई तरह की समस्याएँ उत्पन्न हो सकती हैं, जिनमें डिहाइड्रेशन से लेकर फूड पॉइज़निंग तक शामिल हैं। यदि हम सावधानी नहीं बरतते, तो इन समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। आइए जानते हैं कि गर्मी के मौसम में हमें किन स्वास्थ्य समस्याओं का सामना हो सकता है और उनसे बचने के उपाय क्या हैं।
गर्मी में होने वाली प्रमुख स्वास्थ्य समस्याएं:
1. डिहाइड्रेशन (पानी की कमी):
गर्मी में अत्यधिक पसीना आने के कारण शरीर से पानी और मिनरल्स की कमी हो जाती है, जिससे डिहाइड्रेशन हो सकता है। इसके कारण चक्कर आना, सिरदर्द, थकावट और सूखी त्वचा जैसी समस्याएँ हो सकती हैं। इससे बचने के लिए दिन भर में अधिक पानी पीएं, चाहे आपको प्यास न लगे। तरबूज, खीरा, संतरे जैसी हाइड्रेटिंग चीजें अपनी डाइट में शामिल करें। कैफीन और शराब से बचें, क्योंकि ये शरीर को और अधिक डिहाइड्रेट कर सकते हैं।
2. त्वचा संबंधित समस्याएं:
गर्मी में लंबे समय तक धूप में रहने से सनबर्न, टैनिंग, चकत्ते, हीट रैश जैसी त्वचा समस्याएं हो सकती हैं। इससे बचने के लिए सनस्क्रीन का प्रयोग करें (SPF 30 या उससे ज्यादा)। हल्के और हवादार कपड़े पहनें, ताकि पसीना कम हो। फंगल इंफेक्शन से बचने के लिए ठंडे पानी से स्नान करें और त्वचा को सूखा रखें। सनबर्न हो जाने पर एलोवेरा जेल या कूलिंग मॉइस्चराइज़र का उपयोग करें।
3. यूरिन इंफेक्शन (UTI):
गर्मी में डिहाइड्रेशन और अत्यधिक पसीने के कारण यूरिन कम हो सकता है, जिससे मूत्र मार्ग में बैक्टीरिया बढ़ सकते हैं। इससे यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI) का खतरा बढ़ जाता है, खासकर महिलाओं में। इसके बचाव के लिए तरल पदार्थों का सेवन बढ़ाएँ, सार्वजनिक शौचालय का उपयोग करने के बाद हाइजीन बनाए रखें और लंबे समय तक पेशाब को रोके नहीं रखें।
4. हीटस्ट्रोक (गर्मी से थकावट):
धूप में बहुत समय तक रहने से हीटस्ट्रोक हो सकता है, जिसमें अत्यधिक थकावट, चक्कर, मतली और अधिक पसीना आ सकता है। इससे बचने के लिए दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बाहर जाने से बचें। इस समय के दौरान नारियल पानी जैसे इलेक्ट्रोलाइट युक्त तरल पदार्थों का सेवन करें।