गले लगाने से बीमारियाँ हो सकती हैं दूर, दिल की सेहत पर इसका बेहद फायदेमंद होता है असर
एक प्यार भरी झप्पी न सिर्फ दिल को सुकून देती है, बल्कि यह सारे गिले-शिकवे भी दूर कर सकती है। गले लगाना किसी के लिए अपने प्यार को व्यक्त करने का सबसे प्यारा तरीका है। वे लोग जिनके पास किसी को गले लगाने के लिए होता है, वे सच में बहुत खुशकिस्मत होते हैं, क्योंकि इससे शरीर को शांति मिलती है। जब कोई आपको सच्चे प्यार से गले लगाता है, तो यह न केवल आपके दिल बल्कि दिमाग पर भी गहरा प्रभाव डालता है। हां, यह सच है कि गले लगने से सेहत पर सकारात्मक असर पड़ता है। शोध भी यह मानते हैं कि गले लगने से कई बीमारियां दूर हो सकती हैं। इसलिए हर दिन किसी अपने को गले लगाना आपकी सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है।
गले लगाने के लाभ:
- मूड में सुधार: जब आप परेशान होते हैं और कोई आपको गले लगाता है, तो आपकी चिंता और तनाव कम हो जाते हैं। गले लगने से खुश रहने वाले हार्मोन रिलीज होते हैं, जो आपके मूड को बेहतर बनाते हैं।
- तनाव का घटना: गले लगाने से तनाव भी कम होता है, क्योंकि जब आप किसी को गले लगाते हैं तो शरीर में स्ट्रेस हार्मोन कोर्टिसोल का स्तर घट जाता है। इससे मानसिक शांति मिलती है।
- ब्लड प्रेशर में सुधार: गले लगाने से शरीर का रक्त संचार बेहतर होता है, जिससे ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है। साथ ही, गले लगने से ऑक्सीटोसिन हार्मोन रिलीज होता है, जो शरीर को रिलैक्स करता है।
- दिल की खुशी: गले लगने से दिल को भी खुशी मिलती है। इससे आपको सुरक्षा और सुख की भावना होती है। यह शारीरिक और मानसिक रूप से मेडिटेशन जैसा काम करता है।
- मस्तिष्क की कार्यक्षमता में वृद्धि: रोज़ गले लगाने से आपकी याददाश्त तेज होती है, क्योंकि इससे शरीर में ऑक्सीटोसिन हार्मोन रिलीज होता है। इससे दिमाग ताजगी महसूस करता है और तनाव कम होता है।
इसलिए, अपनी सेहत को बेहतर बनाने के लिए रोज़ किसी को गले लगाना न भूलें।