झारखंड में 10वीं बोर्ड की इन परीक्षाओं को किया गया रद्द, पेपर लीक का मामला सामने आया
झारखंड अकादमिक काउंसिल (JAC) ने गुरुवार को 10वीं कक्षा की हिंदी और विज्ञान विषयों की बोर्ड परीक्षाएं रद्द करने की घोषणा की। यह फैसला तब लिया गया जब इन परीक्षाओं के प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर लीक होने की खबरें सामने आईं। परिषद के एक अधिकारी के अनुसार, हिंदी विषय की परीक्षा 18 फरवरी को आयोजित की गई थी, जबकि विज्ञान विषय की परीक्षा 20 फरवरी को होनी थी।
JAC ने जारी किया आधिकारिक नोटिस
परिषद द्वारा जारी एक आधिकारिक नोटिस में बताया गया कि सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों के जरिए मिली जानकारी के आधार पर 18 फरवरी को हुई हिंदी (कोर्स A और कोर्स B) परीक्षा और 20 फरवरी को प्रस्तावित विज्ञान परीक्षा को रद्द किया गया है। साथ ही, यह भी स्पष्ट किया गया कि इन दोनों विषयों की परीक्षाएं दोबारा आयोजित की जाएंगी, जिनकी तिथियां बाद में घोषित होंगी।
बोर्ड परीक्षाएं 11 फरवरी से चल रही हैं
झारखंड में 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं 11 फरवरी से शुरू हुई थीं। पूरे राज्य में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में लगभग 7.84 लाख विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं।
दो शिफ्ट में हो रही हैं परीक्षाएं
10वीं कक्षा की परीक्षा पहली पाली में सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक हो रही है, जबकि 12वीं कक्षा की परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जा रही है।
10वीं की परीक्षा में 4.33 लाख छात्र भाग ले रहे हैं
इस साल 10वीं कक्षा की परीक्षा में कुल 4.33 लाख विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं, जो राज्यभर के 1,297 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देंगे। वहीं, 12वीं कक्षा की परीक्षा में 3.50 लाख विद्यार्थी भाग ले रहे हैं, जिनके लिए 789 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।