दिल्ली में फिर सांस लेना हुआ मुश्किल, AQI ने पार की खतरनाक हद, राजस्थान का प्रेशर ग्रिड बना मुसीबत
राजस्थान में बन रहे प्रेशर ग्रिड का असर अब राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र पर भी साफ दिखाई दे रहा है। इसके चलते दिल्ली की वायु गुणवत्ता में भारी गिरावट दर्ज की गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार सुबह दिल्ली-एनसीआर का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 305 दर्ज किया गया है, जो कि ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।
गुरुवार को राजधानी में धूलभरी हवाएं चलीं, जिसकी वजह से दृश्यता कम रही और हवा की गुणवत्ता और भी खराब हो गई। मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी दी थी कि इसका प्रभाव दिल्ली में दो दिनों तक बना रह सकता है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश कुमार ने बताया कि राजस्थान में तेजी से बदलते तापमान के कारण वहां एक प्रेशर ग्रिड बन गया है। कहीं तापमान तेजी से बढ़ रहा है तो कहीं अचानक गिर रहा है। इस वजह से वहां धूलभरी आंधियां उठ रही हैं, जो पंजाब और हरियाणा होते हुए दिल्ली-एनसीआर तक पहुंच रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि राजस्थान में इस प्रकार की मौसमी गतिविधि अगले दो से तीन दिनों तक जारी रह सकती है, जबकि दिल्ली में एक-दो दिन तक और धूलभरे मौसम की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न इलाकों का AQI इस प्रकार रहा:
- दिल्ली:
- मुंडका: 419
- वजीरपुर: 422
- अलीपुर: 352
- आनंद विहार: 362
- अशोक विहार: 328
- आयानगर: 328
- मथुरा रोड: 344
- द्वारका सेक्टर 8: 388
- दिलशाद गार्डन: 334
- नरेला: 311
- जहांगीरपुरी: 353
- ओखला: 322
- पंजाबी बाग: 311
- पटपड़गंज: 321
- रोहिणी: 338
- सोनिया विहार: 302
- विवेक विहार: 324
- बवाना: 289
- आईटीओ: 218
- जेएलएन स्टेडियम: 260
- नजफगढ़: 271
- एनसीआर:
- गुरुग्राम: 294
- फरीदाबाद: 288
- गाजियाबाद: 283
- ग्रेटर नोएडा: 256
- नोएडा: 289
इस हालात में लोगों को सलाह दी जा रही है कि जितना हो सके घर के भीतर रहें, बाहर निकलते समय मास्क पहनें और धूल से बचने के लिए एहतियात बरतें।