दीपिका पादुकोण का ऐतिहासिक रिकॉर्ड, इस मामले में शाहरुख-प्रभास को देती हैं टक्कर
बॉलीवुड की लेडी सुपरस्टार दीपिका पादुकोण आज अपना 40वां जन्मदिन मना रही हैं। अपने शानदार करियर में उन्होंने न सिर्फ अभिनय से पहचान बनाई, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी ऐसे रिकॉर्ड कायम किए हैं, जो आज तक भारत की कोई दूसरी अभिनेत्री नहीं कर पाई। दीपिका आज उस खास क्लब में शामिल हैं, जहां शाहरुख खान और प्रभास जैसे सुपरस्टार्स का नाम लिया जाता है।
5 जनवरी 1986 को डेनमार्क में जन्मीं दीपिका पादुकोण कभी नेशनल लेवल की बैडमिंटन खिलाड़ी हुआ करती थीं। ग्लैमर की दुनिया में उन्होंने पहले मॉडल के तौर पर कदम रखा और फिर कन्नड़ फिल्म ‘ऐश्वर्या’ (2006) से अभिनय की शुरुआत की। हिंदी सिनेमा में उनका धमाकेदार डेब्यू 2007 में फिल्म ‘ओम शांति ओम’ से हुआ, जिसने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया। इसके बाद दीपिका ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और एक के बाद एक सफल फिल्मों की लंबी कतार लगा दी।
दीपिका पादुकोण के नाम एक बेहद खास रिकॉर्ड दर्ज है। वह भारत की इकलौती अभिनेत्री हैं, जिन्होंने लीड रोल में दो ऐसी फिल्में दी हैं, जिनकी कमाई 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा रही। इस उपलब्धि ने उन्हें सीधे तौर पर शाहरुख खान और प्रभास जैसे सुपरस्टार्स की लीग में खड़ा कर दिया है।
पहली बार दीपिका ने यह कारनामा शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘पठान’ में किया। साल 2023 में रिलीज हुई इस फिल्म ने दुनियाभर में 1055 करोड़ रुपये की जबरदस्त कमाई की। इसके बाद साल 2024 में दीपिका के खाते में दूसरी 1000 करोड़ क्लब वाली फिल्म आई, जिसमें वह तेलुगु सुपरस्टार प्रभास के साथ नजर आईं। दोनों की फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ ने भारत में 646 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड 1042 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
गौरतलब है कि शाहरुख खान और प्रभास ही भारत के ऐसे दो अभिनेता हैं, जिन्होंने दो-दो 1000 करोड़ क्लब की फिल्में दी हैं। शाहरुख खान ने ‘पठान’ के बाद ‘जवान’ से यह उपलब्धि हासिल की, जिसने 1160 करोड़ रुपये की वैश्विक कमाई की थी। वहीं प्रभास ने ‘बाहुबली 2’ (1810 करोड़) और ‘कल्कि 2898 एडी’ के जरिए यह रिकॉर्ड बनाया।
इस तरह दीपिका पादुकोण न सिर्फ अभिनय के दम पर बल्कि बॉक्स ऑफिस की सफलता के मामले में भी एक अलग मुकाम पर पहुंच चुकी हैं। 40 की उम्र में भी उनका स्टारडम, लोकप्रियता और रिकॉर्ड यह साबित करते हैं कि वह आज भी हिंदी सिनेमा की सबसे मजबूत और प्रभावशाली अभिनेत्रियों में शामिल हैं।