देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 9 लाख के पार
नई दिल्ली – भारत में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है.देश में कुल संक्रमितों की संख्या नौ लाख के पार कर गई है. स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में अबतक 9 लाख 6 हजार 752 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं. इनमें से 23,727 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि पांच लाख 71 हजार लोग ठीक भी हुए हैं. पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 28 हजार 498 नए मामले सामने आए और 553 मौतें हुईं.
कोरोना संक्रमितों की संख्या के मामले में भारत दुनिया का तीसरा सबसे प्रभावित देश है. अमेरिका, ब्राजील के बाद कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित भारत है. लेकिन अगर प्रति 10 लाख आबादी पर संक्रमित मामलों और मृत्युदर की बात करें तो अन्य देशों की तुलना में भारत की स्थिति बहुत बेहतर है. भारत से अधिक मामले अमेरिका (3,479,365), ब्राजील (1,887,959) में हैं. देश में कोरोना मामले बढ़ने की रफ्तार भी दुनिया में तीसरे नंबर पर बनी हुई है.