नवरत्न कंपनी को 300 करोड़ रुपये का मिला बड़ा प्रोजेक्ट , शेयर की कीमत 100 रुपये के है नीचे
नवरत्न कंपनी एनबीसीसी (नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन) ने शुक्रवार को नए वर्क ऑर्डर्स की घोषणा की। कंपनी ने 20 दिसंबर को बताया कि उसे कुल मिलाकर करीब 300 करोड़ रुपये के कई ऑर्डर प्राप्त हुए हैं। शुक्रवार को शेयर बाजार के बंद होने तक एनबीसीसी के शेयर 94.44 रुपये के स्तर पर 2.75 प्रतिशत गिरावट के साथ बंद हुए थे।
वर्क ऑर्डर क्या है?
कंपनी के अनुसार, उसे ऑयल इंडिया लिमिटेड से 200.60 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है, जिसमें उसे एक ऑयल अस्पताल का निर्माण करना है। इसके अलावा, एनबीसीसी की सहायक कंपनी एचएससीसी (इंडिया) को 98.17 करोड़ रुपये का एक और ऑर्डर मिला है। उल्लेखनीय है कि इस महीने की शुरुआत में भी एनबीसीसी को 600 करोड़ रुपये का एक बड़ा ऑर्डर प्राप्त हुआ था।
कंपनी की आर्थिक स्थिति
सितंबर तिमाही में एनबीसीसी का कुल नेट प्रॉफिट 125.10 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की तुलना में 52.80 प्रतिशत अधिक है। एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 81.90 करोड़ रुपये था। इसके अलावा, कंपनी का राजस्व सितंबर तिमाही में 2458.70 करोड़ रुपये रहा।
शेयर बाजार में प्रदर्शन
पिछले एक हफ्ते में कंपनी के शेयरों में 4.86 प्रतिशत की गिरावट आई है, जबकि पिछले छह महीनों में यह 13.35 प्रतिशत टूट चुका है। फिर भी, निवेशकों को 88 प्रतिशत का लाभ हुआ है। कंपनी का 52 वीक हाई 139.90 रुपये है, और जिन्होंने दो साल पहले स्टॉक खरीदा था, उन्हें अब तक 240 प्रतिशत का फायदा हो चुका है।कंपनी में सरकार की 61.80 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि पब्लिक के पास 25.04 प्रतिशत हिस्सा है।