भारत के विदेशी मुद्रा और सोने के भंडार में गिरावट, वहीं पाकिस्तान की संपत्ति में बढ़ोतरी
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 28 फरवरी को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 1.78 अरब डॉलर की कमी के साथ 638.69 अरब डॉलर रह गया। इससे पहले, पिछले सप्ताह यह 4.76 अरब डॉलर की बढ़त के साथ 640.48 अरब डॉलर पर पहुंच गया था। सितंबर 2024 के अंत में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार अब तक के सबसे ऊंचे स्तर 704.88 अरब डॉलर पर दर्ज किया गया था।
रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, समीक्षाधीन सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का एक महत्वपूर्ण घटक, विदेशी मुद्रा आस्तियां, 49.3 करोड़ डॉलर घटकर 543.35 अरब डॉलर रह गईं। डॉलर के संदर्भ में मापी जाने वाली इन आस्तियों में यूरो, पाउंड और येन जैसी अन्य मुद्राओं में हुए उतार-चढ़ाव का असर भी शामिल होता है।
स्वर्ण भंडार में गिरावट
इस अवधि में भारत के स्वर्ण भंडार का मूल्य 1.30 अरब डॉलर घटकर 73.27 अरब डॉलर रह गया। हालांकि, विशेष आहरण अधिकार (SDR) 2.7 करोड़ डॉलर की वृद्धि के साथ 17.99 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास भारत का आरक्षित भंडार 1.2 करोड़ डॉलर घटकर 4.08 अरब डॉलर रह गया।
पाकिस्तान के विदेशी मुद्रा भंडार में वृद्धि
दूसरी ओर, स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान के पास मौजूद विदेशी मुद्रा भंडार में 28 फरवरी को समाप्त सप्ताह में 27 मिलियन डॉलर की वृद्धि दर्ज की गई। इसके साथ ही, पाकिस्तान का कुल विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 11.25 अरब डॉलर हो गया। वहीं, कमर्शियल बैंकों के पास मौजूद विदेशी मुद्रा भंडार 4.62 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जिससे पाकिस्तान के कुल लिक्विड विदेशी मुद्रा भंडार का आंकड़ा 15.87 अरब डॉलर पर पहुंच गया