भीषण ठंड के चलते यूपी में 1 जनवरी तक कक्षा 1 से 12वीं तक सभी स्कूल बंद, सीएम योगी का बड़ा फैसला
उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और जानलेवा गलन को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार राज्य में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूल 1 जनवरी तक बंद रहेंगे। यह आदेश यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई समेत सभी बोर्डों के स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा। प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया है, क्योंकि मौसम लगातार और ज्यादा सर्द होता जा रहा है।
रविवार को ठंड ने इस सीजन का अब तक का सबसे सख्त रूप दिखाया। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में साफ नजर आया और बर्फीली पछुआ हवाओं ने गलन को और बढ़ा दिया। दोपहर के समय कोहरे के पीछे से सूरज की हल्की झलक जरूर दिखी, लेकिन कुछ ही देर में धुंध फिर छा गई। शाम होते-होते तापमान तेजी से गिरकर 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और दृश्यता इतनी कम हो गई कि कई जगहों पर वाहन चालकों को दिन में ही हेडलाइट जलानी पड़ी।
ठंड को देखते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने सिर्फ स्कूल बंद करने तक ही सीमित नहीं रखा, बल्कि प्रशासन को कई अहम निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने कहा है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी व्यक्ति सड़कों पर खुले में न सोए। सभी रैन बसेरों में बिस्तर, गर्म पानी और साफ-सफाई जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित रूप से अलाव जलाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं के कारण अगले 24 घंटों में भी ठंड से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और सुबह के समय घने कोहरे का असर बना रहेगा। ऐसे में प्रशासन और आम लोगों दोनों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।