सरकार की इस खास योजना से खत्म हो जाएगी गरीबी? 13 लाख परिवारों को मिल रहा बड़ा तोहफा!
उत्तर प्रदेश सरकार का समाज कल्याण विभाग राज्य के निर्धन और कमजोर वर्गों के लिए एक बड़ी योजना को अंतिम रूप देने की ओर बढ़ रहा है। विभाग की ओर से संचालित ‘जीरो पॉवर्टी अभियान’ के तहत 13 लाख गरीब परिवारों को अक्टूबर 2025 तक केंद्र और राज्य सरकार की सभी आवश्यक योजनाओं का लाभ देने का लक्ष्य तय किया गया है। समाज कल्याण विभाग के निदेशक कुमार प्रशांत ने जानकारी दी कि पहले चरण में करीब 15 लाख परिवारों को चिन्हित किया गया था, लेकिन विस्तृत सर्वे के बाद यह संख्या 13 लाख तक सिमट गई। इन सभी परिवारों को उनकी पात्रता के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, पेंशन योजनाएं, छात्रवृत्ति योजनाएं, श्रमिक कार्ड और किसान सम्मान निधि जैसी करीब दर्जन भर योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। अब तक लगभग 90% चिन्हित परिवारों को योजनाओं का लाभ मिल चुका है और शेष बचे हुए परिवारों को अगले 3 महीनों में योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सरकार का उद्देश्य इन परिवारों की वार्षिक आय ₹1.25 लाख तक पहुंचाना है, जिससे वे गरीबी रेखा से ऊपर आ सकें। सरकार ने हर ग्राम पंचायत से 10 से 25 गरीब परिवारों की पहचान कर उन्हें कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने की कार्ययोजना बनाई है। इसके तहत वृद्धा पेंशन और विधवा पेंशन जैसी योजनाओं में भी इस साल लाभार्थियों की संख्या में इजाफा हुआ है। जहां पिछले साल यह संख्या 61 लाख थी, उसे बढ़ाकर 66 लाख कर दिया गया है। निदेशक कुमार प्रशांत ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशानुसार अक्टूबर 2025 तक जीरो पॉवर्टी अभियान को पूर्ण रूप से लागू किया जाएगा। इसके बाद सभी चयनित परिवारों को न केवल योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा, बल्कि उनकी आर्थिक स्थिति को स्थायी रूप से सुधारने के लिए निगरानी भी की जाएगी।
यह अभियान यूपी सरकार की उस नीति का हिस्सा है, जिसके तहत हर जरूरतमंद तक सरकारी सहायता बिना किसी भेदभाव के पहुंचाई जा रही है।