सावधान! छाछ से हो सकता है नुकसान, जानिए किन लोगों को नहीं पीना चाहिए मट्ठा
गर्मियों में लोग ठंडक पाने के लिए छाछ पीना पसंद करते हैं। यह शरीर को अंदर से ठंडा रखने में मदद करती है और पाचन के लिए भी लाभकारी मानी जाती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ स्थितियों में छाछ का सेवन सेहत को नुकसान भी पहुंचा सकता है? अगर कुछ विशेष स्वास्थ्य समस्याएं हैं, तो छाछ पीने से आपकी तबीयत और बिगड़ सकती है। आइए जानते हैं किन लोगों को छाछ से परहेज करना चाहिए।
1. सर्दी-खांसी या जुकाम में न करें सेवन
आचार्य बालकृष्ण के अनुसार, जिन लोगों को सर्दी, खांसी या गले से जुड़ी कोई समस्या हो, उन्हें छाछ पीने से बचना चाहिए। छाछ की प्रकृति ठंडी होती है, जिससे इन समस्याओं के और बढ़ने की आशंका रहती है। ऐसे में छाछ पीना आपकी सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है।
2. एक्जिमा के मरीज रहें सावधान
अगर आप एक्जिमा जैसी त्वचा संबंधी समस्या से जूझ रहे हैं, तो छाछ से दूरी बनाए रखना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। छाछ में मौजूद कुछ तत्व त्वचा पर जलन, खुजली या लालपन जैसी परेशानियां बढ़ा सकते हैं। इसलिए स्किन प्रॉब्लम्स वाले लोगों को इसका सेवन नहीं करना चाहिए।
3. लैक्टोज इनटॉलेरेंस वाले न करें सेवन
जो लोग लैक्टोज इनटॉलेरेंट हैं, यानी जिनका शरीर दूध या दूध से बनी चीजों को पचाने में असमर्थ है, उन्हें भी छाछ से परहेज करना चाहिए। ऐसे लोगों के लिए छाछ का सेवन पेट दर्द, गैस, दस्त और अन्य पाचन समस्याएं पैदा कर सकता है।
छाछ भले ही सेहतमंद पेय हो, लेकिन हर किसी के लिए नहीं। यदि आप उपरोक्त में से किसी भी समस्या से ग्रस्त हैं, तो छाछ पीने से पहले डॉक्टर या आयुर्वेदिक विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर रहेगा। सही जानकारी और सतर्कता से आप अपने शरीर को बेहतर तरीके से स्वस्थ रख सकते हैं