स्वनिधि योजना के लाभार्थियों से की प्रधानमंत्री मोदी ने बात,जाना लैय्या चने और फल वालो का हाल
लखनऊ – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पीएम स्वनिधि योजना के तहत लाभ लेने वालों के साथ संवाद किया। वीडियो काफ्रेंसिंग के जरिये पीएम ने आगरा की फल विक्रेता प्रीति, लखनऊ के लैय्या चना मटर बेचने वाले विजय बहादुर से बात की। इस संवाद के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। इस वर्चुअल संवाद में प्रदेश के 75 जिलों के 651 नगरीय निकायों के पटरी दुकानदार शामिल थे।
PM मोदी ने संवाद की शुरुआत आगरा की फल बेचने वाली प्रीति से की। ताजगंज निवासी प्रीति फल और नारियल पानी विक्रेता हैं। वह ताजगंज में अपनी रेहड़ी लगाती हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रीति से उनके व्यवसाय के बारे में पूछा। इस पर प्रीति ने कहा कि वह पहले सब्जी बेचती थीं, लेकिन लॉकडाउन में काम बंद हो गया था। इसके बाद पीएम स्वनिधि योजना के तहत 10 हजार रुपये का लाभ मिला और दोबारा फल बेचने का काम शुरू कर दिया। संवाद के दौरान प्रधानमंत्री ने प्रीति को डिजिटल पेमेंट के फायदे बताए। कहा कि डिजिटल पेमेंट करने से कैश बैक मिलता है, इसका फायदा जरूर लीजिए। इससे योजना पर मिलने वाले लोन के ब्याज को भी कम कर सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आपके फल खाकर लोगों की सेहत अच्छी होती है। शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपका व्यापार खूब बढ़े।
लखनऊ के चौक क्षेत्र में लैय्या चना बेचने वाले विजय बहादुर खुशीराम के नाम से मशहूर हैं। आज पीएम मोदी से बातचीत से उनकी खुशी का ठिकाना नहीं था। उन्होंने पीएम मोदी को बताया कि 10 हजार का लोन लेकर अपने कारोबार में लगाया है। पहले बार बार बाजार जाना होता था। अब पैसा मिलने से एक हफ्ते में एक बार ही बाजार जाना होता है। पीएम ने पूछा कि नई पीढ़ी के बच्चे लाई चना खाते हैं क्या? इस पर विजय बहादुर ने बताया कि चना कम खाते हैं लेकिन लाई के साथ बनाकर देने पर चाव से खाते हैं।
खुशीराम ने यह भी बताया कि उनके जानने वाले सैकड़ों लोगों को यह लोन मिला है। खुशीराम ने लॉकडाउन के समय मिली मदद के बारे में भी बताया। पीएम ने खुशीराम से बातचीत के बाद कहा कि पैसा आता है तो कैसे कोई गरीब अपने आप को बदलता है, आपने यह आज सभी को बताया है। पीएम ने खुशीराम को बधाइयां और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम चाहते हैं कि आपकी दुकान एक ब्रांड के रूप में मशहूर हो जाए।