16 अगस्त से भक्त कर सकेंगे माता ‘वैष्णो देवी’ के दर्शन
जम्मू – माता वैष्णो देवी के भक्तो के लिए अच्छी खबर है, जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने 16 अगस्त से वैष्णो देवी मंदिर दोबारा खोलने का फैसला किया है. कोरोना संक्रमण के चलते 19 मार्च को यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया गया था.
हालांकि, सरकार द्वारा जारी आदेश में माता वैष्णो देवी की यात्रा शुरू करने का अलग से कोई जिक्र नहीं किया गया है, लेकिन कहा जा रहा है कि अन्य धार्मिक स्थलों की तरह ही यात्रा शुरू कर दी जाएगी. श्रद्धालुओं की संख्या सीमित जरूर हो सकती है. जम्मू-कश्मीर के प्रमुख सचिव रोहित कंसल ने कहा कि 16 अगस्त, 2020 से जम्मू और कश्मीर में सभी धार्मिक स्थलों और पूजा स्थलों को खोलने का फैसला लिया गया है. लेकिन धार्मिक जुलूस और बड़े धार्मिक आयोजनों के लिए इजाजत नहीं मिलेगी.
वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए हेलीकॉप्टर किराए में 65 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है. इस हेलीकॉप्टर सेवा के लिए नए टेंडर की प्रक्रिया पूरा होने के बाद यह बढ़े हुए किराए 1 अप्रैल 2020 से लागू होंगे.