राम मंदिर भूमि पूजन के खिलाफ दाखिल याचिका खारिज
प्रयागराज – अयोध्या में पांच अगस्त को प्रस्तावित राम मंदिर भूमि पूजन के लिए रास्ता साफ हो गया है। भूमि पूजन पर रोक लगाने के लिए दाखिल एक जनहित याचिका को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है। हाईकोर्ट ने याचिका को खारिज करते हुए कहा कि हम राज्य सरकार और आयोजकों से उम्मीद करते हैं कि सोशल डिस्टेंसिंग समेत कोरोना के रोकथाम के लिए बनाए गए सभी प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा।
पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता साकेत गोखले ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस को लेटर पिटीशन भेजी थी। कोर्ट ने इसे स्वीकार करते हुए सुनवाई की और खारिज कर दिया। इस याचिका में कहा गया था कि राम मंदिर निर्माण के लिए होने वाला भूमि पूजन कोविड-19 के अनलॉक- 2 की गाइडलाइन का उल्लंघन है। ऐसे में इस पर रोक लगनी चाहिए। कोर्ट ने इस दलील पर कहा कि आयोजक सभी नियमों का पालन करेंगे।