Adani Ports को तीसरी तिमाही में ₹2,520.26 करोड़ का मुनाफा, जानें आय में कितना हुआ इजाफा
अदानी ग्रुप की कंपनी अदानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (APSEZ) ने तीसरी तिमाही में पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 14.12 प्रतिशत वृद्धि के साथ 2,520.26 करोड़ रुपये का मुनाफा हासिल किया। पिछले वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 2,208.41 करोड़ रुपये था। कंपनी ने इस तिमाही के दौरान 7,963.55 करोड़ रुपये का परिचालन से राजस्व दर्ज किया, जो कि पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के 6,920.10 करोड़ रुपये से 15.08 प्रतिशत अधिक है। इसके साथ ही, कंपनी का EBITDA भी 15 प्रतिशत बढ़कर 4,802 करोड़ रुपये हो गया है।
खबर के अनुसार, APSEZ ने वित्त वर्ष 2025 के लिए EBITDA पूर्वानुमान को बढ़ाकर 18,800-18,900 करोड़ रुपये कर दिया है। कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2025 के अंत तक अखिल भारतीय कार्गो बाजार में उसकी हिस्सेदारी 26.5 प्रतिशत से बढ़कर 27.2 प्रतिशत हो गई है। वहीं, कंटेनर बाजार में भी कंपनी की हिस्सेदारी 44.2 प्रतिशत से बढ़कर 45.2 प्रतिशत हो गई है।
इस अवधि में, अदानी पोर्ट्स ने 332 मिलियन मेट्रिक टन (MMT) कार्गो वॉल्यूम की हैंडलिंग की, जो कि पिछले वर्ष के मुकाबले 7 प्रतिशत अधिक है। इसमें कंटेनर, तरल पदार्थ, गैस, और शुष्क बल्क कार्गो की मात्रा में वृद्धि देखी गई। कंपनी ने यह भी कहा कि लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में कंटेनर वॉल्यूम, बल्क कार्गो और एमएमएलपी के तहत हैंडल किए गए कंटेनर वॉल्यूम में वृद्धि जारी रही।
नवंबर 2024 में मुंद्रा पोर्ट ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया, जब उसने 396 जहाजों को हैंडल किया और 845 जहाजों की आवाजाही की। यह मुंद्रा पोर्ट की अब तक की सबसे बड़ी मासिक उपलब्धि थी। इसके अलावा, मुंद्रा पोर्ट ने एक ही खेप में रिकॉर्ड 5,405 कारों का निर्यात भी किया।