LPG Cylinder Price Hike : दिवाली से पहले लोगो को बड़ा झटका, LPG सिलेंडर की कीमतों में हुआ इजाफा
त्योहारी सीजन में बाहर खाना खाने से पहले अब आपको 10 बार सोचना पड़ सकता है। वजह ये है कि होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानों में चीजें महंगी हो सकती हैं. इसका कारण है नीले-लाल रंग का कॉमर्शियल गैस सिलेंडर। 1 नवंबर से सरकारी तेल कंपनियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 100 रुपये से ज्यादा बढ़ा दिए हैं. अक्टूबर में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम भी बढ़ाए गए थे. अब होटल, रेस्तरां और मिठाई की दुकानों तक आज से महंगे कमर्शियल गैस सिलेंडर पहुंचेंगे, उन्हें भी अपने उत्पादों के दाम बढ़ाने पड़ सकते हैं.
सरकारी तेल कंपनियों ने दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतें 1731 रुपये से बढ़ाकर 1833 रुपये कर दी हैं। वहीं, मुंबई में अब कमर्शियल गैस सिलेंडर 1785.50 रुपये का मिलेगा. कल तक इसकी कीमत 1684 रुपये थी. कोलकाता में 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत अब 1839.50 रुपये की जगह 1943 रुपये होगी.
सरकारी तेल कंपनियों ने 209 रुपये की बढ़ोतरी की
वहीं, चेन्नई में कमर्शियल गैस का एक सिलेंडर अब 1999.50 रुपये का मिलेगा. मंगलवार तक चेन्नई में इस सिलेंडर की कीमत 1898 रुपये थी. इस तरह कोलकाता में प्रति कमर्शियल गैस सिलेंडर पर सबसे ज्यादा 103.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. बीच में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में गिरावट आई थी, लेकिन अब फिर से इसमें तेजी आ गई है। अक्टूबर में सरकारी तेल कंपनियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 209 रुपये की बढ़ोतरी की थी.
कृपया ध्यान दें कि लाल रंग के घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी नहीं की गई है। एक घरेलू एलपीजी सिलेंडर 14.2 किलोग्राम का होता है। केंद्र सरकार ने रक्षाबंधन से पहले आम लोगों के लिए घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 200 रुपये कम कर दी है. वहीं, उज्ज्वला योजना धारक महिलाओं को घरेलू रसोई गैस सिलेंडर 400 रुपये कम दाम पर मिल रहा है. हालांकि, कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से त्योहार और आने वाले सहालग सीजन में खाने-पीने की चीजें और महंगी होने की आशंका है।