Sikkim Flood : सिक्किम में बाढ़ के बाद मची भारी तबाही से अब तक 56 लोगों की मौत
सिक्किम में बादल फटने के बाद तीस्ता नदी में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों का सिलसिला जारी है। खबर है कि अभी भी कीचड़ और मलबे से शव निकाले जा रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, सिक्किम में आई बाढ़ में अब तक 56 शव बरामद हो चुके हैं, जबकि पिछले तीन दिनों से लापता बताए जा रहे 62 लोग जीवित पाए गए हैं। सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसएसडीएमए) ने शनिवार शाम को कहा कि लापता लोगों की संख्या अब घटकर 81 हो गई है, जिनके लिए तलाश अभियान जोरों पर है.
सिक्किम में अब तक 56 शव बरामद
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, सिक्किम बाढ़ में अब तक 56 शव बरामद किए गए हैं. इनमें पश्चिम बंगाल में तीस्ता नदी के बेसिन से 30 से ज्यादा शव बरामद हुए हैं. सेना के 22 जवान लापता हुए थे, इनमें 7 शव बरामद कर लिए गए हैं. वहीं एसएसडीएमए ने कहा कि बुधवार तड़के बादल फटने से अचानक आई बाढ़ के चलते राज्य के चार जिलों में 41,870 लोग प्रभावित हुए हैं, मंगन जिले को आपदा का सबसे ज्यादा खामियाजा भुगतना पड़ा, जहां लगभग 30,300 लोग आपदा की चपेट में आ गए हैं. अधिकारियों के मुताबिक, इस दिन सेना के जो 39 वाहन लापता हो गए थे, उनमें से 15 अब तक कई फुट गहरे कीचड़ से बरामद कर लिये गए.