आगामी त्योहारों को लेकर सीएम योगी ने अधिकारियों संग बैठक की, जानें मुख्य आदेश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य में कानून-व्यवस्था और आने वाले त्योहारों की तैयारियों को लेकर निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पर्व शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जाएं और किसी भी स्थिति में परंपराओं का उल्लंघन न हो।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि उत्तर प्रदेश सरकार के आठ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रत्येक जिले में तीन दिवसीय ‘जनपदीय विकास उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न विकास योजनाओं और उपलब्धियों को जनता के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि टेम्पो, ई-रिक्शा चालकों और किरायेदारों का उचित सत्यापन किया जाए। ओवरलोडिंग को पूरी तरह से रोका जाए और भारी वाहनों पर अनावश्यक भार न डाला जाए। परिवहन विभाग के अधिकारियों को जिलों में गठित टास्क फोर्स में सम्मिलित किया जाए।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पैदल गश्त बढ़ाने, PRV 112 को सक्रिय रखने और सीमा क्षेत्रों की सख्त निगरानी करने के निर्देश दिए। चैत्र नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं के लिए जल, शामियाना, चटाई और सफाई की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही, धार्मिक स्थलों पर महिला पुलिस कर्मियों की विशेष तैनाती करने के आदेश दिए।
आगामी दिनों में चैत्र नवरात्रि, रामनवमी, ईद-उल-फितर, बैसाखी जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि किसी भी तरह की अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहारों के अवसर पर शोभायात्राएं और मेले आयोजित होंगे, जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। किसी भी प्रकार के शरारतपूर्ण बयान देने वालों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। सोशल मीडिया पर भी सतर्क नजर रखने और आवश्यक संवाद स्थापित करने का निर्देश दिया गया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से अपील की कि वे मिशन मोड में कार्य करते हुए राजस्व विवादों का निपटारा मेरिट के आधार पर करें और जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करें।