कौन सा विटामिन कम होने पर बढ़ जाता है टीबी का खतरा ? जानें टीबी मरीजों के लिए सही आहार
ट्यूबरकुलोसिस (टीबी) एक संक्रामक बीमारी है, जो माइकोबैक्टीरियम ट्यूबरकुलोसिस नामक बैक्टीरिया के कारण होती है। यह आमतौर पर फेफड़ों को प्रभावित करता है, लेकिन शरीर के अन्य अंग जैसे किडनी, रीढ़ और मस्तिष्क भी इसकी चपेट में आ सकते हैं। यह बीमारी खांसने या छींकने के दौरान हवा में मौजूद संक्रमित बूंदों के माध्यम से फैलती है।
टीबी के लक्षण
टीबी से संक्रमित व्यक्ति में कुछ स्पष्ट लक्षण देखने को मिलते हैं, जैसे:
- लगातार तेज बुखार
- ठंड लगना
- अत्यधिक थकान
- भूख न लगना
- वजन कम होना
- सांस लेने में कठिनाई
यदि किसी को ये लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए।
विटामिन ए की कमी और टीबी का संबंध
शोध के अनुसार, शरीर में विटामिन ए की कमी टीबी होने की संभावना को 10 गुना तक बढ़ा सकती है। ‘क्लिनिकल इंफेक्शियस डिजीजेज’ पत्रिका में प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, विटामिन ए का पर्याप्त स्तर शरीर को टीबी के संक्रमण से बचाने में मदद करता है। इसलिए, टीबी से बचाव के लिए विटामिन ए से भरपूर आहार का सेवन आवश्यक है।
टीबी के मरीज को क्या खाना चाहिए?
टीबी से उबरने के लिए पोषण से भरपूर आहार लेना बेहद जरूरी है।
- प्रोटीन युक्त आहार
- शरीर को मजबूत बनाने और संक्रमण से लड़ने के लिए प्रोटीन का सेवन बढ़ाएं।
- अंडे, सोया, टोफू, डेयरी उत्पाद, लीन मीट और दालें खाएं।
- ऊर्जा और कैलोरी से भरपूर आहार
- टीबी मरीज को ज्यादा ऊर्जा की जरूरत होती है, इसलिए कैलोरी युक्त भोजन लें।
- केला, दलिया, मूंगफली की चिक्की, गेहूं, रागी और बाजरा का सेवन करें।
- विटामिन और मिनरल्स
- विटामिन ए, बी, सी और ई से भरपूर खाद्य पदार्थ रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं।
- गाजर, पालक, पपीता, संतरा और टमाटर जैसे फलों और सब्जियों को अपने आहार में शामिल करें।
- एंटीऑक्सीडेंट्स और हेल्दी फैट्स
- शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए एंटीऑक्सीडेंट युक्त आहार लें।
- सूरजमुखी के बीज, चिया सीड्स, कद्दू के बीज, अलसी और बादाम जैसे खाद्य पदार्थ फायदेमंद होते हैं।
टीबी से बचाव और जल्दी ठीक होने के लिए संतुलित और पोषक तत्वों से भरपूर आहार लेना जरूरी है। खासकर, विटामिन ए की पर्याप्त मात्रा बनाए रखना संक्रमण के खतरे को कम कर सकता है। सही खान-पान और दवा के नियमित सेवन से इस बीमारी से जल्दी उबरा जा सकता है।