जोड़ों के दर्द से राहत दिलाए ‘काफल’, जानिए इस जंगली फल के चमत्कारी फायदे
काफल एक जंगली फल है जो उत्तराखंड के ठंडे और ऊंचाई वाले क्षेत्रों जैसे – नैनीताल, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में पाया जाता है। दिखने में यह लाल रंग का और आकार में शहतूत जैसा होता है, जबकि स्वाद में यह खट्टा-मीठा होता है।
बारिश के बाद इसकी मिठास और भी बढ़ जाती है, जिससे यह और अधिक स्वादिष्ट हो जाता है।
बाजार में भी खास डिमांड
काफल की मांग इतनी है कि यह बाजार में 400 से 500 रुपये प्रति किलो तक बिकता है। गर्मियों में पहाड़ी लोग इसे जंगलों से इकट्ठा करके मैदानों में बेचते हैं। नमक के साथ सिलबट्टे पर पीसकर खाने का इसका स्वाद लोगों की जुबान पर चढ़ जाता है।
दुर्लभता ही इसकी खासियत
काफल को पूरे साल नहीं पाया जा सकता। यह साल में सिर्फ कुछ ही हफ्तों के लिए मिलता है, इसलिए यह और भी खास हो जाता है। इस पेड़ की खेती नहीं होती – यह जंगलों में प्राकृतिक रूप से उगता है। यही वजह है कि इसे ‘प्राकृतिक उपहार’ कहा जाता है।
काफल के जबरदस्त फायदे
यह छोटा सा फल अपने अंदर कई औषधीय गुण समेटे हुए है:
- रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है
- पाचन तंत्र को मजबूत करता है
- घुटनों और जोड़ों के दर्द में आराम देता है
- अल्सर, दस्त, बुखार, गले की खराश में फायदेमंद
- एनीमिया (खून की कमी) से लड़ने में सहायक