दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लखनऊ से संदिग्ध आतंकी को किया गिरफ्तार
लखनऊ: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पेशे से इंजीनियर 3 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की पहचान शाहनवाज उर्फ शैफी उज्जमा, मोहम्मद रिजवान और मोहम्मद अरशद वारसी के रूप में हुई है। सेल का दावा है कि मोहम्मद शाहनवाज को दिल्ली के जैतपुर से पकड़ा गया, जबकि उसके दो साथी मोहम्मद अरशद वारसी को मुरादाबाद से और मोहम्मद रिजवान को लखनऊ से सोमवार तड़के पकड़ा गया. रिजवान मूल रूप से आज़मगढ़ का रहने वाला है। वहीं, शाहनवाज और अरशद झारखंड के रहने वाले हैं
स्पेशल सेल का दावा है कि तीनों संदिग्ध आईएसआईएस मॉड्यूल से जुड़े हुए थे. शाहनवाज पुणे आतंकी मॉड्यूल का हिस्सा रह चुका है। वे देश में विस्फोट करने की तैयारी में थे. राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने शाहनवाज और उसके दो अन्य साथियों पर 3-3 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. स्पेशल सीपी एचजीएस धालीवाल के मुताबिक, एनआईए को इनपुट मिला था कि तीन आतंकी दिल्ली में छिपे हुए हैं, जिसके बाद उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई.