कोरोना संक्रमितों की संख्या मामले में भारत दुनिया में दूसरे नंबर पर पहुंचा,कुल मामले 41 लाख के पार
नई दिल्ली – कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या के मामले में भारत अब ब्राजील से भी आगे निकल गया है. पिछले 24 घंटे में देश में 90,632 नए कोरोना संक्रमित आए और अब कुल संक्रमितों की संख्या 41 लाख के पार पहुंच गई है. जबकि ब्राजील में 40 लाख के करीब कोरोना मरीज हैं. इस तरह कोरोना मामलों में भारत दूसरे स्थान पर आ गया है. भारत से ऊपर सिर्फ अमेरिका है.
देश में अब कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 41 लाख 13 हजार हो गई है. इनमें से 70,626 लोगों की मौत हो चुकी है. एक्टिव केस की संख्या 8 लाख 62 हजार हो गई और 31 लाख 80 हजार लोग ठीक हो चुके हैं. संक्रमण के सक्रिय मामलों की संख्या की तुलना में स्वस्थ हुए लोगों की संख्या करीब तीन गुना अधिक है.
ICMR के मुताबिक, कोरोना वायरस के 54% मामले 18 साल से 44 साल की उम्र के लोगों को हैं लेकिन कोरोना वायरस से होने वाली 51% मौतें 60 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों में हुईं हैं. 5 सितंबर तक कोरोना वायरस के कुल 4 करोड़ 88 लाख सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 11 लाख सैंपल की टेस्टिंग कल की गई. पॉजिटिविटी रेट 7 प्रतिशत से कम है.