दिल्ली में 13.30 लाख रुपये में घर खरीदने का अवसर, DDA ने रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख बढ़ाई
दिल्ली में रहने वाले निम्न आय वर्ग के लोगों के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने एक बेहतरीन अवसर प्रदान किया है। ‘सबका घर आवास योजना 2025’ के तहत फ्लैट्स के रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल, 2025 तक बढ़ा दी गई है। इस योजना के तहत, इच्छुक लोग अब 30 अप्रैल तक अपने फ्लैट के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके अलावा, एक और खुशखबरी आई है। डीडीए ने एलआईजी (लो इन्कम ग्रुप) फ्लैट्स की कीमतों में 25 प्रतिशत की सीधी कटौती कर दी है। इस कटौती के बाद, एलआईजी फ्लैट्स की शुरुआती कीमत अब केवल 13.30 लाख रुपये हो गई है।
डीडीए की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली के सिरसपुर में एलआईजी फ्लैट्स की संख्या 624 है, जिनका साइज 35.76 से लेकर 36.39 वर्ग मीटर के बीच है। इन फ्लैट्स की पहले कीमत 17.41 लाख रुपये से लेकर 17.71 लाख रुपये तक थी, लेकिन 25 प्रतिशत की छूट लागू होने के बाद इनकी कीमत अब 13.30 लाख रुपये से लेकर 13.55 लाख रुपये हो गई है। वहीं, दिल्ली के लोकनायकपुरम में 42 से 44.46 वर्ग मीटर आकार वाले 204 फ्लैट्स उपलब्ध हैं। इनकी पहले कीमत 26.98 लाख रुपये से लेकर 28.47 लाख रुपये तक थी, लेकिन अब 25 प्रतिशत की छूट के बाद इनकी कीमत घटकर 20.20 लाख रुपये से 21.4 लाख रुपये तक हो गई है।
सिरसपुर और लोकनायकपुरम, दिल्ली के प्रमुख इलाके हैं। सिरसपुर, रोहिणी, बुराड़ी और खेड़ा कलां के आसपास स्थित है, जबकि लोकनायकपुरम के नजदीक टिकरी, नजफगढ़ और नांगलोई जैसे इलाके हैं। इन दोनों इलाकों में अच्छी कनेक्टिविटी है। लोकनायकपुरम, दिल्ली मेट्रो की ग्रीन लाइन के पास है, और सिरसपुर, येलो लाइन के पास स्थित है। डीडीए ने ‘सबका घर आवास योजना 2025’ के साथ-साथ ‘श्रमिक आवास योजना 2025’ के तहत भी रजिस्ट्रेशन की डेडलाइन 30 अप्रैल तक बढ़ा दी है।