दिल की सेहत को न करें नजरअंदाज! ये लक्षण दे सकते हैं बड़ी बीमारी का संकेत
अनियमित जीवनशैली और असंतुलित आहार दिल से जुड़ी गंभीर और जानलेवा बीमारियों की संभावना को कई गुना बढ़ा सकते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, हार्ट डिजीज से जुड़ी समस्याओं का जितनी जल्दी पता लगाया जाए, शरीर को उतना ही कम नुकसान पहुंचता है। आइए जानते हैं कुछ ऐसे संकेतों के बारे में, जो दिल की सेहत के लिए खतरे की घंटी साबित हो सकते हैं।
सांस लेने में दिक्कत
अगर आपको सांस लेने में परेशानी हो रही है, तो इसे हल्के में न लें। विशेषज्ञों का कहना है कि सांस फूलना या सांस लेने में कठिनाई दिल से जुड़ी समस्या का संकेत हो सकता है। इसके अलावा, चक्कर आना या बेहोशी महसूस होना भी हार्ट से जुड़ी किसी गंभीर समस्या का लक्षण हो सकता है, जिसे अनदेखा नहीं करना चाहिए।
सीने में भारीपन या असहजता
अगर आपको छाती में भारीपन या बार-बार दबाव जैसा महसूस होता है, तो यह दिल की बीमारी का संकेत हो सकता है। इसके अलावा, पेट और पैरों में सूजन आना भी दिल से जुड़ी परेशानियों का इशारा करता है। अचानक वजन बढ़ना भी एक ऐसा लक्षण है, जिसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
लगातार कमजोरी और थकान
अगर आपको बिना किसी कारण दिनभर कमजोरी और थकान महसूस होती है, तो इसे सामान्य मानने की गलती न करें। थकान और कमजोरी खराब हार्ट हेल्थ का संकेत हो सकती है। इसके अलावा, मतली (नॉज़िया) और उल्टी भी दिल की समस्या से जुड़े हो सकते हैं। अगर आप इन लक्षणों को एक साथ महसूस कर रहे हैं, तो बिना देरी किए डॉक्टर से परामर्श लें और अपनी हार्ट हेल्थ की जांच करवाएं।