देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या पांच लाख के पार
नई दिल्ली – भारत में कोरोना वायरस मरीजों की कुल संख्या पांच लाख के पार हो चुकी है. स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में अबतक 5 लाख 8 हजार 953 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं. इसमें से 15685 की मौत हो चुकी है, जबकि दो लाख 95 हजार 880 लोग ठीक भी हुए हैं. पिछले 24 घंटे में 18,552 नए मामले सामने आए है जबकि 384 मरीजों की मौत हुई है. वहीं 10244 मरीज ठीक हुए है.
कोरोना मरीजों की संख्या के हिसाब से भारत ने ब्रिटेन को पीछे छोड़ दिया और दुनिया का चौथा सबसे प्रभावित देश बन गया. अमेरिका, ब्राजील, रूस के बाद कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में भारत चौथे स्थान पर आ गया है. भारत से अधिक मामले अमेरिका (25,52,956), ब्राजील ( 12,80,054), रूस (6,20,794) में हैं. वहीं भारत में मामले बढ़ने की रफ्तार दुनिया में चौथे नंबर पर बनी हुई है. अमेरिका और ब्राजील के बाद एक दिन में सबसे ज्यादा मामले भारत में दर्ज किए जा रहे हैं.
आंकड़ों की बात की जाये तो देश में इस वक्त 1 लाख 97 हजार कोरोना के एक्टिव केस हैं. सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में हैं. महाराष्ट्र में 65 हजार से ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है. इसके बाद दूसरे नंबर पर दिल्ली, तीसरे नंबर पर तमिलनाडु, चौथे नंबर पर गुजरात और पांचवे नंबर पर पश्चिम बंगाल है. इन पांच राज्यों में सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं.