पीएम मोदी से हुई एलन मस्क की मुलाकात के बाद, अब टेस्ला ने भारत में भर्ती प्रक्रिया शुरू की
अमेरिकी इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता टेस्ला ने भारत में विभिन्न पदों के लिए भर्तियों की शुरुआत की है। इनमें व्यवसाय संचालन विश्लेषक और ग्राहक सहायता विशेषज्ञ जैसी भूमिकाएं शामिल हैं। इस बारे में कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर सूचना जारी की गई है। जारी की गई अधिसूचना के अनुसार, ये पद ‘मुंबई उपनगरीय’ क्षेत्र के लिए हैं। खास बात यह है कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क के बीच अमेरिका में मुलाकात हुई थी, जिसके कुछ दिनों बाद यह फैसला लिया गया।
इन भर्तियों में सर्विस एडवाइजर, पार्ट्स एडवाइजर, सर्विस टेक्नीशियन, सर्विस मैनेजर, सेल्स और कस्टमर सपोर्ट, स्टोर मैनेजर, व्यवसाय संचालन विश्लेषक, कस्टमर सपोर्ट सुपरवाइजर, कस्टमर सपोर्ट स्पेशलिस्ट, डिलीवरी ऑपरेशन स्पेशलिस्ट, ऑर्डर ऑपरेशन स्पेशलिस्ट, आंतरिक बिक्री एडवाइजर और उपभोक्ता सहभागिता प्रबंधक जैसे पद शामिल हैं। कंपनी से यह पूछा गया था कि क्या ये भर्तियां भारतीय बाजार में कंपनी की एंट्री योजना का हिस्सा हैं और भारत में बिक्री शुरू होने की संभावित तारीख क्या है, लेकिन अभी तक इसका कोई जवाब नहीं आया है।
पिछले साल अप्रैल में एलन मस्क ने ‘टेस्ला के बड़े दायित्वों’ का हवाला देते हुए भारत आने की अपनी योजना को टाल दिया था। हालांकि, उस समय यह उम्मीद जताई जा रही थी कि मस्क जल्द ही भारत में टेस्ला की इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री के लिए अपनी योजनाओं का खुलासा करेंगे।
यह घटना उस समय हुई जब कुछ सप्ताह पहले ही भारत सरकार ने नई इलेक्ट्रिक वाहन नीति का ऐलान किया था। इसके तहत कंपनियों को 50 करोड़ डॉलर के न्यूनतम निवेश के साथ विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने पर इंपोर्ट ड्यूटी में छूट दी जाएगी। इस कदम का उद्देश्य टेस्ला जैसी प्रमुख वैश्विक कंपनियों को भारत में निवेश करने के लिए आकर्षित करना है।