भारत और चीन आपसी मतभेद को विवाद में न बदलने पर हुए सहमत
नई दिल्ली – चीन के साथ पूर्वी लद्दाख में चल रहे गतिरोध के समाधान के लिए भारत और चीन ने सातवें दौर की सैन्य वार्ता की. यह बैठक सोमवार को करीब 13 घंटे चली. बैठक के बाद भारतीय सेना ने कहा है कि LAC पर सैनिकों के पीछे हटने के मुद्दे पर भारत और चीन के बीच गंभीर, व्यापक और रचनात्मक बातचीत हुई.
सेना ने कहा, ”सैन्य वार्ता में भारत और चीन आपसी मतभेद को विवाद में न बदलने देने और सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त रूप से शांति बनाये रखने पर सहमत हुए.” बयान में कहा गया है कि भारत और चीन अपने नेताओं के बीच बनी महत्वपूर्ण समझ को गंभीरतापूर्वक क्रियान्वित करने पर सहमत हैं.
सेना ने कहा कि भारत चीन वार्ता में इस बात पर सहमति बनी कि यथाशीघ्र सैनिकों के पीछे हटने के लिए दोनों पक्षों को स्वीकार्य समाधान निकालने के वास्ते संवाद बनाये रखा जाएगा. भारत और चीन, सैन्य और राजनयिक माध्यम से संवाद और संपर्क बनाए रखने पर सहमत हुए.