‘महावतार नरसिम्हा’ ने मचाया हिंदी बेल्ट में धमाल, ‘भूल चूक माफ’ को पछाड़कर बनी 2025 की टॉप 10 फिल्मों में शामिल
इस साल कई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर सरप्राइज किया है इनमें अहान पांडे और अनीत पड्डा की सैयारा के अलावा ‘महावतार नरसिम्हा’ शामिल हैं. एनिमेटेड फिल्म ‘महावतार नरसिम्हा’ से बिल्कुल भी उम्मीद नहीं थी कि ये बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ परफॉर्म करेगी. इस दिन रिकॉर्ड बना रही अश्विन कुमार द्वारा निर्देशित इस पौराणिक एनिमेटेड एक्शन ड्रामा ने अब अपनी उपलब्धियों में एक और उपलब्धि जोड़ ली है, दरअसल इसके हिंदी वर्जन ने भूल चूक माफ़ (72.73 करोड़ रुपये) की लाइफटाइम कमाई को पीछे छोड़ दिया है और ये साल 2025 की 10वीं सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है.
बता दें कि सैयारा, सन ऑफ़ सरदार और धड़क 2 जैसी फिल्मों से कड़ी टक्कर के बावजूद महावतार नरसिम्हा ने 13 दिनों में कुल 112.80 करोड़ की कमाई की है. इनमें अकेले इसने हिंदी वर्जन में 83.55 करोड़ कमाए हैं. दिलचस्प बात ये है कि हिंदी वर्जन में इसकी स्पीड कम होने का नाम नहीं ले रही है जबकि अन्य भाषाओं में फिल्मों की स्पीड अब धीमी पड़ने लगी है.
फिल्म के भव्य वीएफएक्स, पौराणिक कथाओं पर आधारित कहानी और इमोशनल अपील ने दर्शकों को थिएटर तक खींचने में बड़ी भूमिका निभाई है। सोशल मीडिया पर भी ‘महावतार नरसिम्हा’ को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।