योगी सरकार का बड़ा तोहफा: सीनियर सिटीजन को मिलेगी बढ़ी हुई पेंशन, बुजुर्गों में खुशी
योगी आदित्यनाथ की सरकार ने उत्तर प्रदेश के बुजुर्ग नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है, जिससे प्रदेश के करीब पाँच लाख वरिष्ठ नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत इन बुजुर्गों को शामिल करने का निर्णय लिया है। इसके लिए बजट में 8103 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है।
वर्तमान में, राज्य में 60 लाख वरिष्ठ नागरिकों को प्रतिमाह 1000 रुपये की वृद्धावस्था पेंशन प्रदान की जाती है, जो हर तीन महीने में दी जाती है। लेकिन नए वित्तीय वर्ष में यह संख्या बढ़ाकर 65 लाख कर दी जाएगी।
योगी सरकार वृद्धावस्था पेंशन योजना का बजट बढ़ाकर 8103 करोड़ रुपये करने की योजना बना रही है। इससे पहले, 2024-25 के वित्तीय वर्ष में समाज कल्याण विभाग को इस योजना के लिए 7377 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया था। नए वित्तीय वर्ष के लिए विभाग ने 726 करोड़ रुपये अतिरिक्त बजट की मांग की थी, जिसे सरकार द्वारा बढ़ाया जा सकता है। इसके साथ ही, इस वर्ष पाँच लाख नए पात्र बुजुर्गों को पेंशन योजना में शामिल किया जाएगा।
समाज कल्याण विभाग की बजट मांग
समाज कल्याण विभाग ने वृद्धावस्था पेंशन के अलावा छात्रवृत्ति योजना, पारिवारिक लाभ योजना और अन्य योजनाओं के लिए कुल 13,056 करोड़ रुपये के बजट की मांग की है। यह राशि पिछले वर्ष के बजट की तुलना में 1052 करोड़ रुपये अधिक है।
इसमें विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए 1862 करोड़ रुपये, पारिवारिक लाभ योजना के लिए 500 करोड़ रुपये, सामूहिक विवाह योजना के लिए 600 करोड़ रुपये, व्यक्तिगत विवाह योजना के लिए अनुसूचित जाति के पात्रों हेतु 100 करोड़ रुपये तथा सामान्य वर्ग के पात्रों के लिए 50 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है।
पारिवारिक लाभ योजना के लिए इस वर्ष 25 लाख रुपये अधिक बजट की मांग की गई है। इसके अलावा, इस बार के बजट में कानपुर देहात में राजकीय आश्रम पद्धति का जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय स्थापित करने की योजना भी शामिल है। साथ ही, जहाँ आश्रम पद्धति के विद्यालय नहीं हैं, वहाँ संत रविदास मिशन योजना के अंतर्गत नए विद्यालयों का निर्माण किया जाएगा।यह बजट सामाजिक कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा, जिससे लाखों लोगों को लाभ मिलेगा।