रागी, ज्वार और बाजरा में कौन सा अनाज है सबसे ज्यादा हेल्दी? एक्सपर्ट से जानें
रागी, ज्वार और बाजरा – ये तीनों ही मिलेट्स के समूह में आते हैं और स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी माने जाते हैं। हालांकि, इनके पोषण मूल्य अलग-अलग होते हैं और हर अनाज का अपना विशेष महत्व है। नई दिल्ली स्थित आकाश हेल्थकेयर सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल की प्रमुख डाइटीशियन डॉ. गिन्नी कालरा बता रही हैं कि इन तीनों में से कौन सा अनाज किस स्थिति में अधिक फायदेमंद है।
रागी – हड्डियों के लिए बेस्ट
रागी कैल्शियम का एक बेहतरीन स्रोत है, जो हड्डियों को मजबूत बनाता है। यह लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाला अनाज है, इसलिए डायबिटीज के मरीजों के लिए अच्छा विकल्प है। इसके अलावा, अगर आप वजन घटाना चाहते हैं, तो रागी को अपनी डाइट में शामिल करें। यह स्तनपान कराने वाली महिलाओं के लिए भी फायदेमंद होता है, क्योंकि यह लैक्टेशन को बढ़ाने में मदद करता है।
ज्वार – पाचन और दिल के लिए फायदेमंद
ज्वार फाइबर और प्रोटीन से भरपूर होता है, जो पाचन तंत्र को मजबूत करता है। यह ब्लड शुगर कंट्रोल में मदद करता है, जिससे यह डायबिटीज के मरीजों के लिए बहुत फायदेमंद साबित होता है। ज्वार खाने से हृदय स्वास्थ्य भी बेहतर होता है और यह ग्लूटेन-फ्री होने के कारण एलर्जी से बचाव में भी सहायक है।
बाजरा – आयरन और ऊर्जा का बेहतरीन स्रोत
बाजरा आयरन और मैग्नीशियम से भरपूर होता है, जिससे शरीर में खून की कमी (एनीमिया) दूर होती है और ऊर्जा का स्तर बढ़ता है। यह ठंड के मौसम में शरीर को गर्म बनाए रखने में मदद करता है। डायबिटीज के मरीजों के लिए भी यह एक अच्छा विकल्प है।
तो कौन सा अनाज सबसे ज्यादा हेल्दी?
हड्डियों की मजबूती के लिए रागी सबसे अच्छा है।
डायबिटीज के मरीजों के लिए ज्वार का सेवन फायदेमंद रहेगा।
खून की कमी और शरीर में ऊर्जा बढ़ाने के लिए बाजरा बेहतरीन विकल्प है।
वजन घटाने के लिए रागी और ज्वार दोनों फायदेमंद माने जाते हैं।
सेहतमंद रहने के लिए किसी एक अनाज पर निर्भर रहने की बजाय तीनों अनाज को अपनी डाइट में शामिल करें। ये सभी पोषक तत्वों से भरपूर हैं और अलग-अलग स्वास्थ्य लाभ प्रदान करते हैं, इसलिए संतुलित आहार के रूप में इनका सेवन सबसे सही विकल्प है।