वाराणसी में BJP विधायक और RPF जवान में हाथापाई, PM मोदी के कार्यक्रम के दौरान मचा हंगामा
वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के दौरान बड़ा हंगामा देखने को मिला। यहां बीजेपी विधायक सौरभ श्रीवास्तव और आरपीएफ जवान के बीच तीखी नोकझोंक और हाथापाई हो गई। मामला वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन का है, जहां पीएम मोदी के कार्यक्रम के दौरान विधायक अपने समर्थकों को स्टेशन के अंदर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी बात को लेकर आरपीएफ जवान ने उन्हें रोक दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें साफ दिख रहा है कि विधायक सौरभ श्रीवास्तव और आरपीएफ जवान एक-दूसरे को धक्का देते नजर आ रहे हैं। आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव करते हुए स्थिति को संभालने की कोशिश कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह झड़प शुक्रवार को उस वक्त हुई जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी में मौजूद थे और बनारस स्टेशन से चार नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर रहे थे।
दरअसल, पीएम मोदी के कार्यक्रम को देखते हुए स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर रंग-रोगन और तैयारियों का काम चल रहा था और आम लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित था। इसी दौरान विधायक सौरभ श्रीवास्तव अपने कार्यकर्ताओं के साथ स्टेशन के अंदर जाने की कोशिश करने लगे। ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवान ने उन्हें रोका, तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई और मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया।
विवाद बढ़ता देख वहां मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और स्थिति को शांत कराया। इसके बाद विधायक सौरभ श्रीवास्तव प्लेटफॉर्म की ओर बढ़ गए। फिलहाल, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और इस पर लोगों की मिलीजुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कई लोग इसे सुरक्षा में लापरवाही बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे ‘अति उत्साह’ का नतीजा कह रहे हैं।