स्टैंडर्ड ग्लास आईपीओ इस तारीख को होगा मार्केट में लॉन्च, निवेशकों को मिल सकते हैं मुनाफे के अवसर
नए साल में आईपीओ के जरिए निवेशकों के लिए शानदार कमाई का अवसर है। स्टैंडर्ड ग्लास लाइनिंग टेक्नोलॉजी लिमिटेड ने बुधवार को घोषणा की कि उसका आईपीओ 6 जनवरी से सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। कंपनी ने बताया कि इसके आईपीओ का प्राइस बैंड 133-140 रुपये प्रति इक्विटी शेयर तय किया गया है, और इसका कुल आकार 410.05 करोड़ रुपये होगा। यह आईपीओ 2025 का पहला प्रमुख आईपीओ बनेगा।
आईपीओ 8 जनवरी को बंद होगा कंपनी ने जानकारी दी कि पहले के प्रस्ताव के मुकाबले आईपीओ के आकार में थोड़ी कमी की गई है। अब इसमें 1.84 करोड़ की बजाय 1.43 करोड़ इक्विटी शेयर ही बेचे जाएंगे। यह तीन दिवसीय आईपीओ 8 जनवरी को बंद होगा, जबकि एंकर निवेशकों के लिए बोली 3 जनवरी से शुरू हो रही है। यदि ऊपरी मूल्य बैंड पर देखा जाए, तो कंपनी इस आईपीओ से 410.05 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखती है। निवेशक कम से कम 107 शेयरों और उसके मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं।
शेयर बेचने वाले शेयरधारक रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (आरएचपी) के अनुसार, तेलंगाना स्थित कंपनी के आईपीओ में 210 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर और प्रमोटरों तथा अन्य विक्रय शेयरधारकों द्वारा 1.43 करोड़ शेयरों की बिक्री का संयोजन होगा। इसमें एस2 इंजीनियरिंग सर्विसेज, कंडुला रामकृष्ण, कंडुला कृष्ण वेणी, नागेश्वर राव कंडुला, स्टैंडर्ड होल्डिंग्स, कटरागड्डा वेंकट रमानी और वेंकट शिव प्रसाद कटरागड्डा शामिल हैं, जो ओएफएस के तहत अपने शेयर बेचेंगे।
आय का उपयोग कंपनी द्वारा इस आईपीओ से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल कर्ज चुकाने, एस2 इंजीनियरिंग इंडस्ट्री में 30 करोड़ रुपये के निवेश, अकार्बनिक विकास के लिए 20 करोड़ रुपये, मशीनरी और उपकरणों की खरीद के लिए 10 करोड़ रुपये तथा सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों में किया जाएगा। कंपनी के कुछ प्रमुख फार्मा क्लाइंट्स में अरबिंदो फार्मा, कैडिला फार्मास्युटिकल्स, ग्रैन्यूल्स इंडिया, मैकलियोड्स फार्मास्युटिकल्स, पीरामल फार्मा और सुवेन फार्मास्युटिकल्स शामिल हैं।
आईपीओ के इस इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर्स IIFL कैपिटल सर्विसेज लिमिटेड और मोतीलाल ओसवाल इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स लिमिटेड हैं, जबकि KFin टेक्नोलॉजीज रजिस्ट्रार के रूप में कार्य कर रही है। यह शेयर बीएसई और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर सूचीबद्ध होंगे।