NEET में जनरल को कितने नंबर पर सरकारी मेडिकल कॉलेज मिलेगा ?
देशभर के लाखों मेडिकल अभ्यर्थी इस समय NEET UG 2025 के परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि परिणाम जून महीने में घोषित किया जाएगा। यह परीक्षा एमबीबीएस, बीडीएस, बीएएमएस, बीयूएमएस और नर्सिंग जैसे प्रमुख मेडिकल कोर्सों में दाखिले के लिए आयोजित की जाती है।
इस वर्ष NEET UG परीक्षा में करीब 23 लाख से अधिक छात्रों ने भाग लिया है। हर छात्र का सपना होता है कि उसे AIIMS, KGMU या अन्य प्रतिष्ठित सरकारी मेडिकल कॉलेज में दाखिला मिले। इसका मुख्य कारण है सरकारी कॉलेजों की फीस जो प्राइवेट संस्थानों की तुलना में बेहद कम होती है।
सरकारी मेडिकल कॉलेज में एडमिशन क्यों है कठिन?
NEET को देश की सबसे चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं में गिना जाता है। इसकी बड़ी वजह है हर साल इसमें शामिल होने वाले छात्रों की भारी संख्या। देशभर में एमबीबीएस की लगभग 1 लाख सीटें हैं, जबकि परीक्षा में बैठने वालों की संख्या 20 लाख से भी अधिक होती है। ऐसे में प्रतियोगिता बहुत कठिन हो जाती है और कटऑफ भी काफी ऊंची जाती है।
जनरल कैटेगरी के लिए कितने अंक होने चाहिए?
विशेषज्ञों और पिछले वर्षों के रुझानों के आधार पर यह माना जा रहा है कि:
- AIIMS, MAMC, KGMU जैसे टॉप मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए छात्रों को 700 से अधिक अंक लाने होंगे।
- अन्य सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश पाने के लिए कम से कम 650+ अंक जरूरी हो सकते हैं।
- कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार कटऑफ थोड़ा नीचे जा सकता है, इसलिए 600 अंक तक लाने वाले जनरल कैटेगरी के छात्रों को भी कुछ सरकारी कॉलेजों में मौका मिल सकता है।
आरक्षित वर्गों के लिए संभावित कटऑफ
- OBC श्रेणी के छात्रों के लिए अनुमानित कटऑफ: 630+ अंक
- SC/ST वर्ग के छात्रों को 500+ अंक लाने पर सरकारी कॉलेजों में एमबीबीएस सीट मिल सकती है।
संभावित रैंक
जनरल कैटेगरी के उम्मीदवारों की रैंक इस बार 26,500 से 27,000 के बीच रह सकती है, लेकिन यह कॉलेज और राज्य के अनुसार बदल भी सकती है।
टॉप 5 राज्य जहां सबसे ज्यादा MBBS सीटें हैं:
- कर्नाटक – 12,545 सीटें
- उत्तर प्रदेश – 12,415 सीटें
- तमिलनाडु – 12,050 सीटें
- महाराष्ट्र – 11,846 सीटें
- तेलंगाना – 9,040 सीटें
इस तरह अगर आप NEET UG 2025 में अच्छी रैंक और अंक लाते हैं तो सरकारी मेडिकल कॉलेज में दाखिला संभव है। मेहनत और सही रणनीति से यह सपना पूरा किया जा सकता है।