RUHS में बीएससी नर्सिंग परीक्षा का पेपर लीक, परीक्षा को रद्द किया गया
राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (आरयूएचएस), जयपुर द्वारा बी.एससी. नर्सिंग पाठ्यक्रम के द्वितीय और तृतीय सेमेस्टर की 23, 24 और 25 जनवरी को आयोजित परीक्षाओं के प्रश्न पत्रों की गोपनीयता उल्लंघन की सूचना मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। विश्वविद्यालय के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, छात्रहित को ध्यान में रखते हुए इन परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया है और प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने इस मामले में पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि बी.एससी. नर्सिंग के प्रथम सेमेस्टर के एप्लाइड एनाटोमी और एप्लाइड फिजियोलॉजी, द्वितीय सेमेस्टर के एप्लाइड बायोकेमिस्ट्री और एप्लाइड न्यूट्रीशन एंड डाइटेटिक्स, तथा तृतीय सेमेस्टर के एप्लाइड माइक्रोबायोलॉजी और इंफेक्शन कंट्रोल सहित सुरक्षा विषयों की परीक्षाएं 23, 24 और 25 जनवरी को आयोजित की गई थीं। गोपनीय जानकारी के आधार पर यह पाया गया कि इन विषयों के थ्योरी सेक्शन में कुछ प्रश्नों की हस्तलिखित प्रति परीक्षा से पहले छात्रों के बीच प्रसारित हो चुकी थी।
हालांकि इनमें बहुविकल्पीय प्रश्न नहीं थे, फिर भी परीक्षाओं की गोपनीयता और छात्रों के हित में विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन परीक्षाओं को रद्द करने का निर्णय लिया। आगामी परीक्षाएं सही तरीके से आयोजित की जाएंगी।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पाया कि प्रश्न पत्रों के कुछ हिस्सों की हस्तलिखित प्रतियां छात्रों के बीच परीक्षा से पूर्व फैल गई थीं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए एफआईआर दर्ज की और जांच के दौरान तकनीकी अनुसंधान करते हुए 24 घंटे के भीतर पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ जारी है।