Sovereign Gold Bond स्कीम बंद, अब सोने में निवेश करने के नए तरीके जानें
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) योजना अब समाप्त हो चुकी है, और अब आप इसमें निवेश नहीं कर सकते हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा जारी किया जाने वाला यह बॉन्ड निवेशकों के लिए एक बेहतरीन निवेश उपकरण था। SGB में निवेश करने पर डिजिटल यूनिट्स दी जाती थीं। 1 यूनिट SGB, 24 कैरेट के 1 ग्राम सोने के बराबर होती थी। इसमें निवेश करने के दो मुख्य लाभ थे:
- मैच्योरिटी पर सोने की कीमत के अनुसार आपको वैल्यू मिलती थी।
- इसके साथ ही आपको निवेश की गई राशि पर सालाना 2.5 प्रतिशत ब्याज भी मिलता था।
हालांकि SGB अब बंद हो चुका है, लेकिन यदि आप सोने में निवेश करना चाहते हैं तो अभी भी कई विकल्प उपलब्ध हैं। यहाँ हम आपको सोने में निवेश के कुछ अन्य प्रमुख विकल्पों के बारे में बताएंगे:
फिजिकल गोल्ड
फिजिकल गोल्ड में निवेश करना सबसे सरल तरीका है। आप गोल्ड कॉइन, गोल्ड ब्रिक्स या ज्वैलरी में निवेश कर सकते हैं। लेकिन यदि आपका उद्देश्य सिर्फ निवेश है, तो गोल्ड ब्रिक्स और गोल्ड कॉइन सबसे अच्छा विकल्प हैं।
गोल्ड ईटीएफ
गोल्ड ईटीएफ (एक्सचेंज ट्रेडेड फंड) ऐसे फंड होते हैं जो पूरी तरह से सोने में निवेश करते हैं। गोल्ड ईटीएफ को आप शेयर एक्सचेंज पर खरीद और बेच सकते हैं। इनकी कीमत सोने की कीमतों के हिसाब से बदलती रहती है। गोल्ड ईटीएफ पर सामान्यत: 0.5 प्रतिशत या उससे कम ब्रोकरेज चार्ज लगता है। 1 यूनिट गोल्ड ईटीएफ, 1 ग्राम सोने के बराबर होती है।
गोल्ड म्यूचुअल फंड
भारतीय निवेशकों के पास गोल्ड म्यूचुअल फंड्स में भी निवेश करने का विकल्प है। ये ओपन-एंडेड फंड्स होते हैं, जो गोल्ड ईटीएफ में निवेश करते हैं। अन्य म्यूचुअल फंड्स की तरह गोल्ड म्यूचुअल फंड्स का भी नेट एसेट वैल्यू (NAV) होता है, जिसके आधार पर निवेशकों को गोल्ड म्यूचुअल फंड्स की यूनिट्स दी जाती हैं।