इस बार का मानसून सत्र चुनौतीपूर्ण, सभी का कराया जा रहा COVID-19 टेस्ट – विधानसभा अध्यक्ष
लखनऊ – 20 अगस्त से शुरू हो रहे यूपी विधानसभा के मानसून सत्र से पहले विधानसभा अध्यक्ष ने 17वीं विधानसभा के 2020 के द्वितीय सत्र के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था के सम्बन्ध में अहम बैठक की. अध्यक्ष विधानसभा ने बताया कि विधानसभा के सभी कर्मियों का कोरोना जांच करा दी गयी है. विधायकों की भी जांच कराई जा रही है. उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में लगे हुए सभी कर्मियों की भी कोरोना जांच कराई जाएगी. मीडिया कर्मियों के लिए इस बार तिलक हाल में बैठने की व्यवस्था की गयी है.
हृदय नारायण दीक्षित ने कहा की सदस्यों को विधान भवन में आने-जाने के लिए निर्बाध एवं सुविधाजनक व्यवस्था और वाहनों की पार्किग की समुचित व्यवस्था के निर्देश दिए गये है. विधानसभा में प्रवेश के सभी गेटों पर सदस्यों एवं मीडिया कर्मियों के वाहनों की जांच एवं थर्मल स्कैनिंग के बाद ही प्रवेश दिया जायेगा. इसी के साथ विधायकों से अनुरोध किया गया है कि सत्र के दिनों में वह अपने साथ सहयोगी न लायें. दीक्षित ने कहा कि कोरोना महामारी के बीच सदन का सत्र बहुत ही चुनौतीपूर्ण है. सभी विधायकों, मीडिया कर्मियों से अपील की है कि विधानसभा द्वारा लिए गये निर्णय के अनुसार थर्मल स्कैनिंग एवं कोविड जांच कराने हेतु प्रत्येक प्रकार का सहयोग करें.
सत्र के दौरान कोविड-19 महामारी को दृष्टिगत रखते हुये सभी पूर्व सदस्यों के प्रवेश को दिनांक 20 अगस्त, 2020 से विधानसभा सत्र की समाप्ति तक विधान भवन में प्रवेश पर रोक लगाये जाने निर्णय पहले ही लिया जा चुका है.