कोरोना करता है श्वसन तंत्र पर अटैक,प्राणायाम से करिये इम्यून सिस्टम को मजबूत – प्रधानमंत्री
नई दिल्ली – आज पुरे विश्व में छठवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस एक प्रकार से एकजुटता का दिन है। कोरोना के इस संकट के दौरान दुनियाभर के लोगों का इसे लेकर उत्साह बना है।
योग दिवस की शुरुआत 21 जून 2015 को हुई थी। इस साल की योग दिवस की थीम ‘योगा फॉर हेल्थ, योगा फ्रॉम होम’ रखी गई है। आयुष मंत्रालय ने लेह में बड़ा कार्यक्रम करने की योजना बनाई थी, लेकिन कोरोना महामारी के कारण इसे रद्द कर दिया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हम सामूहिक कार्यक्रमों से दूर रहकर घर पर ही परिवार के लोगों के साथ योग कर रहे हैं।
प्रधानम्नत्री मोदी ने कहा की यह फैमिली बॉन्डिंग को भी बढ़ाने का भी दिन है। जो हमें जोड़े, साथ लाये वही तो योग है, जो दूरियों को खत्म करे, वही तो योग है। कोरोना महामारी के कारण दुनिया योग की जरूरत को पहले से भी ज्यादा महसूस कर रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘कोरोना हमारे श्वसन तंत्र पर अटैक करता है। प्राणायाम से इस तंत्र को मजबूत करने में सबसे ज्यादा मदद मिलती है। प्राणायाम के अनेक प्रकार हैं। अगर आप प्राणायाम जानने वालों से मिलेंगे तो बताएंगे कि इसके कितने प्रकार हैं। अनुलोम-विलोम, भ्रामरी आदि। इससे इम्यून सिस्टम मजबूत होता है।