कोरोना संक्रमितों की संख्या 20 लाख पार, 24 घंटे में 61 हजार नए मामले
नई दिल्ली – कोरोना का संकट भारत में गंभीर होता जा रहा है,देश में लगातार दूसरे दिन 60 हजार से ज्यादा कोरोना मामले आए हैं. देश में इस वक़्त कोरोना वायरस से जूझ रहे मरीजों की संख्या 20 लाख पार हो गयी है. पिछले 24 घंटों में देश में 61 हजार 537 नए मामले आए और 933 लोगों की मौत हुई है. एक दिन पहले 62 हजार 538 मामले आए थे, जो अभी तक एक दिन में सबसे ज्यादा मामले हैं. देश में कोरोना से ठीक होने वालों का रिकवरी रेट 68.32% है.
भारत में कुल मामलों के 38 प्रतिशत केस सिर्फ पांच राज्यों में हैं. इसमें आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार शामिल हैं. 16 जुलाई तक जब देश में कोरोना के 10 लाख मामले थे, तब इन राज्यों से 19 प्रतिशत केस सामने आए थे.
स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में कुल 20 लाख 88 हजार मामले सामने आ चुके हैं. इन मामलों में एक्टिव मरीजों की संख्या 6 लाख 19 हजार है. वहीं, 14 लाख 27 हजार लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं. जबकि 42 हजार 518 लोग अबतक अपनी जान गवां चुके हैं.