गर्मी से मिलेगी जल्द राहत,मॉनसून देगा 18 से 20 जून के बीच दस्तक
लखनऊ – पिछले कुछ दिनों गर्मी ने लोगो को परेशान कर रखा है लेकिन अब जल्द ही इससे राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि पूर्वांचल के रास्ते यूपी में मॉनसून 18 से 20 जून के बीच दाखिल हो सकता है। इससे पहले 16-17 जून से मॉनसून से पहले की बारिश शुरू हो सकती है। उन्होंने कहा कि स्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
फिलहाल मौसम विभाग ने शनिवार 13 जून से सोमवार 15 जून के बीच प्रदेश कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार जताए हैं। शनिवार 13 जून को राज्य के कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने और फिर गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।
गुरुवार की शाम से शुक्रवार की सुबह तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ीं। इस दरम्यान सबसे अधिक 5 सेंटीमीटर बारिश एल्गिनब्रिज पर रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कन्नौज में 3, नीमसार, बिलग्राम, कतर्नियाघाट में 2-2, भरधना, मऊरानीपुर में एक-एक सेमी बारिश दर्ज की गई। लखनऊ और आसपास के इलाकों में शुक्रवार को बादलों की आवाजाही बनी रही। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को प्रदेश का सबसे गरम स्थान आगरा रहा जहां पारा 42 डिग्री सेल्सियस पर रिकॉर्ड किया गया।