गोंडा पुलिस ने गैंगस्टर आरोपियों से 1 करोड़ 9 लाख 41 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में पुलिस ने अपराधियों की अवैध संपत्ति जब्त करने के लिए एक बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत एसपी विनीत जायसवाल के नेतृत्व में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में संगठित अपराधी गिरोह के सदस्य बलराम तिवारी उर्फ शिवकुमार तिवारी, जो कि इटियाथोक थाना क्षेत्र के बेलवा दरियापुर हरदोपट्टी गांव के निवासी हैं, पर कार्रवाई की गई। बलराम तिवारी पर मारपीट और गैर इरादतन हत्या के अपराधों में संलिप्त होने का आरोप है। पुलिस ने उसकी अपराधिक गतिविधियों से अर्जित संपत्ति के तहत तीन मकान, जमीन और चार मोटरसाइकिल जब्त की हैं।
इसी प्रकार, अभियुक्त अनिल कुमार, जो उसी थाना क्षेत्र के ग्राम विचऊपुरवा के निवासी हैं, के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। अनिल पर भी अपने आपराधिक कार्यों से संपत्ति अर्जित करने का आरोप है, और उसकी एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
इन दोनों अपराधियों की संपत्तियों की जब्तीकरण की प्रक्रिया जिलाधिकारी के आदेश पर और अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) गोण्डा, मनोज कुमार रावत के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस टीम ने इन अपराधियों के 5 वाहनों को जब्त कर थाना धानेपुर में दाखिल किया। जब्त की गई संपत्तियों का कुल मूल्य लगभग 1 करोड़ 9 लाख 41 हजार रुपये बताया जा रहा है।
थानाध्यक्ष धानेपुर के अनुसार, इस कार्रवाई से संगठित अपराधियों में भय का माहौल पैदा हुआ है, और गोंडा पुलिस भविष्य में भी गैंगस्टरों के खिलाफ उनकी अवैध संपत्ति को जब्त करने की प्रक्रिया को जारी रखेगी।