जगन्नाथ यात्रा – मुस्लिम छात्र ने सुप्रीम कोर्ट से की यात्रा पर रोक के आदेश पर पुनर्विचार की मांग, कहा- पिता भी भक्त थे
नई दिल्ली – कोरोना वायरस के चलते सुप्रीम कोर्ट ने इस बार की जगन्नाथ यात्रा पर रोक लगा दी है ,वही उड़ीसा के नयागढ़ जिले के 19 साल के मुस्लिम छात्र ने जगन्नाथ यात्रा पर रोक लगाने के फैसले पर पुनर्विचार की अपील की है.
सुप्रीम कोर्ट का रुख करनेवाला आफताब हुसैन बीए अर्थशास्त्र का छात्र है. उसे सोशल मीडिया पर राज्य का दूसरा सलाबेग कहा जा रहा है. आफताब हुसैन ने कहा है कि उसके पिता भी भगवान के भक्त थे.
छात्र ने अपने अधिवक्ता पी के महापात्रा के जरिये सुप्रीम कोर्ट में हस्तक्षेप याचिका दायर की है. उसने सुप्रीम कोर्ट से जगन्नाथ यात्रा पर दिए अपने फैसले पर फिर से गौर करने को कहा है. हुसैन ने अपनी याचिका में खुद को बचपन से ही भगवान जगन्नाथ से प्रभावित होने की बात कही है. उसका कहना है कि उसके दिवंगत दादा मुलताब खान भी भगवान के भक्त थे. हुसैन ने बताया कि उसके दादा ने 1960 में इतामती में त्रिनाथ (ब्रह्मा, विष्णु, महेश) मंदिर का निर्माण कराया था और उसके परिवार ने जगन्नाथ की मूर्ति की पूजा करने से कभी नहीं रोका.
हुसैन समेत 21 अन्य संगठनों ने यात्रा पर रोक लगाने के फैसले पर पुनर्विचार करने के लिये अर्जी दाखिल की है, जिन पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होने की उम्मीद है.