बड़ा नुकसान! दुनिया के 500 सबसे धनी व्यक्तियों ने एक दिन में गंवाए 108 अरब डॉलर, वजह क्या है ?
बीते सोमवार को दुनिया के 500 सबसे अमीर लोगों को सामूहिक रूप से 108 बिलियन डॉलर का भारी नुकसान उठाना पड़ा। इसका मुख्य कारण चीनी एआई डेवलपर डीपसीक से जुड़ी तकनीक आधारित बिक्री रही, जिसने प्रमुख सूचकांकों को नीचे गिरा दिया। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, एआई से जुड़ी संपत्ति रखने वाले अरबपतियों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ, जिसमें एनवीडिया कॉर्प के सह-संस्थापक जेन्सन हुआंग ने अपनी संपत्ति में 20% की गिरावट देखी। हुआंग की संपत्ति में 20.1 अरब डॉलर की कमी आई, जबकि ओरेकल कॉर्प के सह-संस्थापक लैरी एलिसन को 22.6 अरब डॉलर का घाटा हुआ।
इसके अलावा, डेल इंक के संस्थापक माइकल डेल ने 13 अरब डॉलर गंवाए, जबकि बिनेंस होल्डिंग्स लिमिटेड के सह-संस्थापक चांगपेंग सीजेड झाओ को 12.1 अरब डॉलर का नुकसान हुआ। कुल मिलाकर, टेक इंडस्ट्री से जुड़े अरबपतियों की संपत्ति में 94 अरब डॉलर की कमी आई, जो कुल गिरावट का 85% हिस्सा है। नैस्डैक कंपोजिट इंडेक्स में 3.1% और एसएंडपी 500 में 1.5% की गिरावट दर्ज की गई।
डीपसीक बना सुर्खियों का कारण
हांग्जो स्थित डीपसीक, जो 2023 से एआई मॉडल विकसित कर रहा है, इस सप्ताह अचानक पश्चिमी निवेशकों की नजर में आया। इसका फ्री डीपसीक आर1 चैटबॉट ऐप, दुनियाभर में डाउनलोड्स के मामले में शीर्ष पर रहा। नए यूजर्स की भारी संख्या के कारण कंपनी को सर्वर आउटेज जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इसके बाद, डीपसीक ने अपने साइनअप को केवल चीनी फोन नंबर वाले उपयोगकर्ताओं तक सीमित कर दिया।
कंपनी के मुताबिक, डीपसीक आर1 को डार्क-हॉर्स के तौर पर विकसित करने में महज 5.6 लाख डॉलर खर्च हुए। इसने उन पश्चिमी अरबपतियों को बड़ा झटका दिया जिनकी संपत्ति एआई सप्लाई चेन पर आधारित है, जो पिछले दो सालों में शेयर बाजार के सबसे बड़े प्रेरक बलों में से एक रही है।
मेटा का बड़ा एआई निवेश
इस बीच, मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने कहा है कि कंपनी इस साल एआई से जुड़ी परियोजनाओं पर 60 अरब से 65 अरब डॉलर खर्च करने की योजना बना रही है। ब्लूमबर्ग इंटेलिजेंस की रिपोर्ट के अनुसार, बड़ी टेक कंपनियों का कुल पूंजीगत खर्च 2025 तक 200 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।
अब तक, एआई बूम के सबसे बड़े लाभार्थी एनवीडिया रही है। हुआंग की कुल संपत्ति 2023 की शुरुआत से लेकर शुक्रवार तक लगभग आठ गुना बढ़कर 121 अरब डॉलर हो चुकी है। इसी अवधि में, जुकरबर्ग की संपत्ति 385% बढ़कर 229 अरब डॉलर हो गई, जबकि अमेजन के जेफ बेजोस की संपत्ति 133% बढ़कर 254 अरब डॉलर हो गई।