बाजार लाल निशान में बंद, सेंसेक्स 80,242 पर हुआ समापन, निफ्टी में भी मामूली गिरावट
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच बुधवार को घरेलू शेयर बाजार में मंदी का माहौल रहा। बीएसई सेंसेक्स 46.14 अंक की गिरावट के साथ 80,242.24 पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई का निफ्टी 1.75 अंक की मामूली गिरावट के साथ 24,334.20 पर बंद हुआ। निफ्टी बैंक भी 304.1 अंक गिरकर 55,087.15 पर आकर स्थिर हुआ।
आज के कारोबार में निफ्टी पर मारुति सुजुकी, एचडीएफसी लाइफ, भारती एयरटेल, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और पावर ग्रिड कॉर्प जैसी कंपनियां प्रमुख लाभ में रही। दूसरी ओर, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, ट्रेंट, टाटा मोटर्स और एसबीआई के शेयरों में गिरावट देखने को मिली। रियल्टी और टेलीकॉम इंडेक्स में क्रमशः 2 प्रतिशत और 1 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं, मीडिया, पीएसयू बैंक इंडेक्स में 2 प्रतिशत की गिरावट रही और आईटी, बैंक, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, कैपिटल गुड्स में आधे प्रतिशत की गिरावट आई।
सेंसेक्स की कंपनियों में से टाटा मोटर्स, भारतीय स्टेट बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टाटा स्टील और एशियन पेंट्स के शेयर भी गिरावट के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, मारुति सुजुकी, भारती एयरटेल, पावर ग्रिड, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में तेजी रही।
बजाज फिनसर्व में पांच प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई, जबकि बजाज फाइनेंस में भी लगभग पांच प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। बजाज फिनसर्व लिमिटेड (BFL) के चौथी तिमाही के एकीकृत शुद्ध लाभ में 14 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 2,417 करोड़ रुपये तक पहुंचा। वहीं, एनबीएफसी फर्म बजाज फाइनेंस का शुद्ध लाभ 16 प्रतिशत बढ़कर 3,940 करोड़ रुपये रहा।
दुनिया भर के बाजारों में आज का रुख मिला-जुला रहा। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी सूचकांक और चीन का शंघाई कम्पोजिट गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि जापान का निक्केई 225 और हांगकांग का हैंग सेंग सकारात्मक रुझान में रहे। यूरोपीय बाजारों में भी तेजी का माहौल था। मंगलवार को अमेरिकी बाजार भी सकारात्मक क्षेत्र में बंद हुए थे। इसके अलावा, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 2,385.61 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की