महंत नृत्य गोपालदास हुए कोरोना पॉजिटिव,भर्ती
मथुरा – श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्र्स्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपालदास की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है. नृत्य गोपाल दास कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. गुरुवार सुबह गोपालदास की तबीयत अचानक खराब हो गई थी. वो मथुरा में जन्माष्टमी कार्यक्रम में शामिल होने आए थे. लिहाजा, बेहतर इलाज के लिए उन्हें जल्द ही मेदांता में भर्ती कराया गया.
यूपी के CM योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्र्स्ट के अध्यक्ष पूज्य महंत श्री नृत्य गोपाल दास जी महाराज के कोरोना संक्रमित होने की सूचना प्राप्त हुई. उन्हें त्वरित चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने हेतु मेदांता अस्पताल के डॉ. नरेश त्रेहन से वार्ता की है. प्रभु श्री राम से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हेतु प्रार्थना है.”
महंत नृत्य गोपाल दास राम जन्मभूमि पूजन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मंच पर थे. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष भी हैं. जन्माष्टमी के मौके पर वो बुधवार रात कार्यक्रम में शामिल हुए थे. गोपाल दास हर साल इस समारोह में शामिल होते हैं. इस बार वह बाल गोपाल के अभिषेक के लिए अयोध्या से पवित्र सरयू जल भी लाए थे.