यूपी में प्राइवेट लैब 1600 रुपए में करेंगी RTPCR का टेस्ट
लखनऊ – यूपी सरकार ने कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए ने बड़ा फैसला किया है. सरकार ने प्राइवेट लैब में कोरोना टेस्ट के लिए नए शुल्क तय कर दिए है. सरकार के नए आदेश के मुताबिक अब प्रदेश में स्थित प्राइवेट लैब सिर्फ 1600 रुपए में कोरोना वायरस संक्रमण की जांच करेंगी. प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने आज यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अभी तक प्राइवेट लैब में आरटीपीसीआर टेस्ट 2500 रुपए में की जाती थी, लेकिन अब इसके लिए सिर्फ 1600 रुपए ही लिए जाएंगे.
अपर मुख्य सचिव ने बताया कि आरटीपीसीआर टेस्ट के लिए जरूरी टेस्ट किट रीजेंट्स और वीटीएम किट के दाम में कमी आने की वजह से सरकार ने कोरोना जांच की कीमत कम करने का फैसला किया है. उन्होंने बताया कि सरकार का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया जा रहा है. अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि सरकार ने कोरोना जांच के लिए प्राइवेट लैब में लिया जाने वाला शुल्क 1600 रुपए तय कर दिया है. इससे ज्यादा पैसे लिए जाने की शिकायत मिली, तो लैब के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.