विदेशी मेडिकल डिग्री धारकों के लिए बड़ी खबर, आज से शुरू हुआ FMGE एग्जाम रजिस्ट्रेशन
विदेश से मेडिकल की पढ़ाई पूरी कर भारत लौटे डॉक्टरों के लिए FMGE जून 2025 के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने इस परीक्षा का शेड्यूल जारी किया है। इस शेड्यूल के अनुसार, FMGE जून परीक्षा 26 जुलाई 2025 को कंप्यूटर आधारित प्लेटफॉर्म पर विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
रजिस्ट्रेशन कब तक कर सकते हैं? जो उम्मीदवार विदेशों से एमबीबीएस या मेडिकल की अन्य डिग्री हासिल कर देश में प्रैक्टिस करना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट natboard.edu.in पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आज, 28 अप्रैल को दोपहर 3 बजे से शुरू हो चुकी है और यह 17 मई रात 11:55 बजे तक जारी रहेगी।
इस परीक्षा से संबंधित सभी महत्वपूर्ण जानकारियां जैसे पात्रता मानदंड, आवेदन शुल्क, परीक्षा पैटर्न, मार्किंग स्कीम, एडमिट कार्ड, और परीक्षा केंद्रों की सूची जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अलावा, FMGE जून परीक्षा का परिणाम 26 अगस्त 2025 को घोषित किया जाएगा।
अगर किसी भी समस्या का सामना करना पड़े, तो उम्मीदवार बोर्ड की हेल्पलाइन नंबर 7996165333 पर संपर्क कर सकते हैं या फिर आवेदन लॉगिन के माध्यम से हेल्पलाइन पोर्टल से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।