सिरदर्द हमेशा बना रहता है? जानिए यह किन बीमारियों का संकेत हो सकता है
अगर सिर में दर्द लंबे समय तक बना रहता है, तो इसे नजरअंदाज करना सही नहीं है, क्योंकि यह कई गंभीर बीमारियों का संकेत हो सकता है। दिल्ली के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. कवलजीत सिंह के अनुसार, सिरदर्द एक आम समस्या है, जिससे लगभग हर व्यक्ति कभी न कभी प्रभावित होता है। लेकिन यदि यह लगातार बना रहता है, तो यह किसी गंभीर रोग का लक्षण भी हो सकता है।
माइग्रेन का संकेत
डॉ. सिंह बताते हैं कि सिरदर्द कई बार माइग्रेन की समस्या से जुड़ा हो सकता है। माइग्रेन एक विशेष प्रकार का सिरदर्द होता है, जो आमतौर पर सिर के एक तरफ तेज दर्द के रूप में महसूस होता है। यह किसी भी समय हो सकता है और पुरुषों की तुलना में महिलाओं में अधिक देखा जाता है। इसके अलावा, कुछ लोगों को टेंशन हेडेक की समस्या भी हो सकती है, जो आमतौर पर सिर के दोनों तरफ होता है और हल्के से तेज दर्द के साथ महसूस होता है।
साइनसाइटिस और मेनिन्जाइटिस
साइनसाइटिस एक सामान्य बीमारी है, जो नाक और साइनस में सूजन के कारण होती है। यह सिरदर्द का एक प्रमुख कारण भी बन सकती है। वहीं, मेनिन्जाइटिस एक संक्रमणजनित बीमारी है, जो मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी के आसपास के ऊतकों (टिश्यू) को प्रभावित करती है और सिरदर्द को बढ़ा सकती है। साइनसाइटिस को आमतौर पर दवाओं से नियंत्रित किया जा सकता है, लेकिन कुछ मामलों में सर्जरी की आवश्यकता भी पड़ सकती है।
हाई ब्लड प्रेशर से जुड़ा सिरदर्द
उच्च रक्तचाप (हाई बीपी) को “साइलेंट किलर” कहा जाता है, क्योंकि इसके लक्षण आसानी से पहचाने नहीं जाते। यदि सिरदर्द लंबे समय तक बना हुआ है, तो ब्लड प्रेशर की जांच करवाना जरूरी है। कई बार हाई बीपी के कारण भी सिर में लगातार दर्द हो सकता है।
ब्रेन ट्यूमर के लक्षण
यदि सिरदर्द के साथ चक्कर आना, धुंधली दृष्टि और शरीर के संतुलन में गड़बड़ी महसूस हो रही है, तो यह ब्रेन ट्यूमर का संकेत हो सकता है। ऐसे लक्षणों को कभी भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
लंबे समय तक बने रहने वाला सिरदर्द किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है। इसलिए, यदि यह समस्या लगातार बनी हुई है, तो डॉक्टर से परामर्श लेना बेहद जरूरी है।