हाथरस केस: रेप के आरोपियों ने लिखी SP को चिट्ठी, कहा-पीड़िता की मौत भाई की पिटाई से हुई
हाथरस – हाथरस कांड के सभी चारों आरोपियों ने जेल से SP को चिट्ठी लिखी है,चिट्ठी में उन्होंने खुद को बेकसूर बताया है. आरोपियों ने लिखा है की उनकी पीड़िता के साथ दोस्ती थी. दोनों की आपस में बातचीत भी होती थी, लेकिन मौके पर पिटाई आरोपियों ने नहीं की. बल्कि पीड़िता की मां और भाई ने पिटाई की, जिसके बाद उसकी मौत हो गई. चिट्ठी में चारों आरोपी संदीप, रामू, रवि और लवकुश के हस्ताक्षर और उनके अंगूठे के निशान भी हैं.
आरोपियों ने आगे लिखा है की उनकी लड़की से दोस्ती थी. फोन पर बात होती थी. इसी वजह से उस दिन मां और भाई ने लड़की की पिटाई की थी. हम लोग मौके पर बाद में पहुंचे थे. हमने पीड़िता को पानी भी पिलाया था, लेकिन उल्टा उन्हें ही फंसा दिया गया. आरोपियों ने यूपी पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है.
हाथरस में कथित तौर पर गैंगरेप और हत्या की शिकार युवती के परिवार ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दावा किया है कि जिला प्रशासन ने अवैध रूप से उन्हें उनके घर में कैद कर रखा है. उन्हें इस कैद से छुटकारा दिलाया जाए और घर से बाहर जाने और लोगों से मिलने की अनुमति दी जाए. इस याचिका में पीड़िता के परिवार का प्रतिनिधित्व वाल्मीकि समाज के लिए काम करने वाला एक संगठन कर रहा है. पीड़िता के पिता, पीड़िता की मां, दो भाई और दो अन्य परिजन ने यह याचिका दायर की है.