NEET 2025 से पहले शिक्षा मंत्रालय की बैठक, डीएम-एसपी के साथ तय हुई पेपर संबंधी रणनीति
केंद्र सरकार ने नीट यूजी 2025 परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त बनाने के लिए कई अहम निर्णय लिए हैं। शिक्षा मंत्रालय ने हाल ही में देशभर के सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसका उद्देश्य परीक्षा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना था। इस बैठक में तय किया गया कि कोचिंग संस्थानों और डिजिटल माध्यमों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
बता दें कि नीट यूजी 2025 परीक्षा का आयोजन 4 मई को होने जा रहा है। इस परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड एनटीए द्वारा जल्द ही जारी किए जाएंगे। उम्मीद की जा रही है कि 1 मई को एडमिट कार्ड वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे। पिछले वर्ष परीक्षा के दौरान हुए पेपर लीक और अन्य गड़बड़ियों को देखते हुए इस बार सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को पहले से कहीं अधिक कड़ा करने का निर्णय लिया है।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट जैसे संवेदनशील परीक्षा सामग्री को परीक्षा केंद्रों तक पुलिस की निगरानी में सुरक्षित रूप से पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही केंद्रों पर परीक्षार्थियों की कई स्तरों पर चेकिंग की व्यवस्था की जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अनियमितता को रोका जा सके।
कोचिंग सेंटरों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर नज़र रखी जाएगी ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की पहले से जानकारी मिल सके और नकल माफिया पर लगाम लगाई जा सके।
इस वर्ष नीट यूजी 2025 के लिए अब तक के सबसे अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कुल 5500 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा आयोजित की जाएगी। देश के 552 शहरों और विदेश के 14 शहरों में भी परीक्षा कराई जाएगी। एनटीए के अनुसार, छात्रों द्वारा दिए गए विकल्पों को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया गया है। 90% परीक्षा केंद्र सरकारी संस्थानों के निकट स्थित हैं, जिनमें केंद्रीय विद्यालय (केवी), नवोदय विद्यालय (एनवीएस) और राज्य सरकारों के स्कूल शामिल हैं।